विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चेहरों पर सपना साकार होने की दिखी चमक, नियुक्ति पत्र लेने लोकभवन लखनऊ पहुंचे चयनित 932 अभ्यर्थी

Published: Mon, 18 May 2026 10:36 PM (IST)

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित 932 अभ्यर्थियों को लखनऊ के लोकभवन में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

नियुक्ति पत्र लेने लोकभवन पहुंचे चयनित 932 अभ्यर्थी।

नियुक्ति पत्र लेने लोकभवन पहुंचे चयनित 932 अभ्यर्थी।

HighLights

  1. यूपी लोक सेवा आयोग के 932 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र।

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन लखनऊ में पत्र वितरित किए।

  3. सर्वाधिक 258 युवा नायब तहसीलदार पद पर चयनित हुए।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपने सिर्फ आंखों में नहीं तैरते, बल्कि वे उपलब्धियों के रूप में जमीन पर भी उतरते हैं, और यहीं से खुलता है जनसेवा का द्वार। उप्र लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण कर लोकभवन में नियुक्ति पत्र लेने पहुंचे अभ्यर्थियों के चेहरों पर कठिन परिश्रम और संकल्प साकार होने का तेज था।

गुरुजनों के प्रति आदरभाव था। अपने परिवारीजन, मित्रों और गांव वालों का सम्मान बढ़ाने का संतोष था और आंखों में था जनता की सेवा का सौभाग्य प्राप्त होने का अवसर।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत सभी वक्ताओं ने युवाओं को प्रेरित करते हुए उनका दायित्वबोध भी जगाया। नियुक्ति पत्र हाथ में लेकर चयनित अभ्यर्थी कहीं ग्रुप में सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बना रहे थे तो कहीं घर वालों से वीडियोकाल पर बात करते हुए उनसे प्रसन्नता के पल साझा कर रहे थे।

उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य-प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2024 के अंतर्गत सोमवार को 21 विभागों में विभिन्न पदों पर चयनित 932 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए, जिनमें सर्वाधिक (258 युवा) नायब तहसीलदार बने। 196 सहायक आयुक्त (वाणिज्य कर) तथा 142 युवाओं को वाणिज्य कर अधिकारी पद पर नियुक्ति मिली।

72 युवा खंड विकास अधिकारी बने। परीक्षा में 37 उप जिलाधिकारी, 17 पुलिस उपाधीक्षक, 196 सहायक आयुक्त (वाणिज्य कर), 16 सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, 22 कोषाधिकारी-लेखाधिकारी, दो जिला कमांडेंट होमगार्ड्स, 18 कारागार अधीक्षक एक, सहायक आयुक्त (उद्योग), 23 कार्य अधिकारी, 72 खंड विकास अधिकारी, नौ जिला समाज कल्याण अधिकारी, एक जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, पांच जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी चयनित हुए।

इसके साथ ही, 142 वाणिज्य कर अधिकारी, दो जिला खाद्य विपणन अधिकारी, 60 उप कारापाल, चार जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, 40 उप निबंधक, दो उप्र कृषि सेवा समूह ‘ख’ सेक्शन-सी, श्रेणी-2, तीन सांख्यिकी अधिकारी, एक सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान श्रेणी-2, दो व्यवस्थापक, राज्य संपत्ति विभाग व एक सहायक निदेशक, उद्योग (हथकरघा) चयनित हुए।

मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाने वालों में नेहा पांचाल (डिप्टी कलेक्टर) नई दिल्ली, आकृति शुक्ला (पुलिस उपाधीक्षक) प्रयागराज, निधि नागर (सहायक आयुक्त, राज्यकर) गौतमबुद्ध नगर, निहारिका राय (राज्य कर अधिकारी)- शाहजहांपुर, महेश विक्रम श्रीवास्तव (खंड विकास अधिकारी) मीरजापुर, श्रुति शुक्ला (जिला कमांडेंट होमगार्ड) बलरामपुर, पार्थ सारथी (उपनिबंधक) बिजनौर, आशीष सिंह (जिला खाद्य विपणन अधिकारी) लखनऊ शामिल हैं।

वहीं, अविनाश सागर- (सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी) अयोध्या, प्रिया शर्मा (जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी) बाराबंकी, राहुल पांडेय (जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी) बलिया, गरिमा सिंह (जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी) कानपुर नगर, गगन आनंद वर्मा (लेखाधिकारी/कोषाधिकारी) गोरखपुर, प्रियंका नायक (जिला समाज कल्याण अधिकारी) गोरखपुर, विकास चंद्र पांडेय (सहायक आयुक्त उद्योग) सोनभद्र शामिल हैं।

इसके साथ ही, साहिबा बानो (नायब तहसीलदार) रायबरेली, प्रियंका (उप्र कृषि सेवा समूह ‘ख’) अधिकारी मेरठ, नीलेश कुमार सिंह (सहायक नियंत्रक विधिक माप) बस्ती, सत्यम सिंह यादव (उप कारापाल) कौशांबी, अंकित कुमार (कार्य अधिकारी, पंचायती राज) अमरोहा एवं पूजा मिश्रा (कार्य अधिकारी, पंचायती राज) मैनपुरी शामिल थे।