UPPCL से हटाए गए 20 हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मियों को फिर मिलेगी तैनाती, अब 60 वर्ष तक कर सकेंगे काम
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन ने 20 हजार से अधिक हटाए गए आउटसोर्स कर्मचारियों को फिर से काम पर रखने का निर्णय लिया है।

फिर रखे जाएंगे बिजली निगमों से हटाए 20 हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मी।
HighLights
20 हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मी फिर होंगे बहाल।
कर्मचारियों की कार्य आयु सीमा 60 वर्ष तक बढ़ी।
संघ ने धरना समाप्त कर प्रबंधन को सहयोग का आश्वासन दिया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। नवरात्र के पहले दिन उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन प्रबंधन ने आउटसोर्स कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग स्वीकार करते हुए उन्हें निर्धारित शर्तों के तहत 55 के बजाय 60 वर्ष की आयु तक काम करने का अवसर देने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही पिछले दो वर्ष के दौरान बिजली निगमों के काम से हटाए गए 20 हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मियों को फिर से काम पर रखा जाएगा।
रविवार को उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन मुख्यालय में प्रमुख सचिव ऊर्जा व पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद की उपस्थिति में निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि हटाए गए संविदाकर्मी यदि स्वस्थ हैं तो उन्हें फिर से काम पर रखा जाएगा। विभाग में लगभग 85 हजार आउटसोर्स कर्मी दो वर्ष पूर्व तक तैनात थे, धीरे-धीरे इनमें से 20 हजार से अधिक को सेवा से हटा दिया गया था।
बैठक के निर्णय के अनुसार, कर्मचारी 55 वर्ष की आयु पूरी करने पर पंजीकृत मेडिकल प्रैक्टिशनर से फिटनेस प्रमाण पत्र लेकर आउटसोर्स एजेंसी को देंगे। उन्हें शपथ पत्र भी देना होगा कि वे काम करने के इच्छुक और सक्षम हैं। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए आउटसोर्स एजेंसियों के साथ होने वाले अनुबंधों में जरूरी संशोधन किया जाएगा।
काम पर वापस उन्हीं कर्मचारियों को रखा जाएगा, जिनके विरुद्ध कर्तव्य पालन में शिथिलता, उपभोक्ताओं से गलत व्यवहार, अनुशासनहीनता, बिजली चोरी में संलिप्तता, धनउगाही, अनुचित आचरण या बिलिंग संबंधी कदाचार की शिकायत नहीं होगी। डिस्काम स्तर से इनके पूर्व के कार्यकाल की पत्रावलियों की पड़ताल की जाएगी।
कारपोरेशन अध्यक्ष ने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी। कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने अगले छह महीने में एटीएंडसी हानियों में 10 प्रतिशत की कमी के लक्ष्य को पूरा करने में प्रबंधन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की।
बैठक में पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन और उत्पादन निगम के प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। कर्मचारी नेताओं में मो. खालिद, सुरेन्द्र पांडेय और देवेन्द्र कुमार पांडेय शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- UP के 8.5 लाख बुजुर्गों की पेंशन आधार कार्ड के फेर में अटकी, अब आयु प्रमाण के लिए दूसरा अभिलेख लगाना होगा
