दीपावली पर यूपी-112 की तैयारी: 100% PRV रहेंगी तैनात, हॉटस्पॉट पर होगी विशेष नजर
यूपी-112 ने दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए कमर कस ली है। डीजी बिनोद कुमार सिंह ने ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस की आपातकालीन सेवा यूपी-112 (UP-112) ने कमर कस ली है। बुधवार को पुलिस महानिदेशक, यूपी-112 श्री बिनोद कुमार सिंह ने प्रदेश के सभी जनपदों के 112 नोडल अधिकारियों के साथ मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से एक उच्चस्तरीय बैठक की और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कई सख्त निर्देश दिए।
संवेदनशील इलाकों और हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी
बैठक के दौरान डीजी यूपी-112 ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 28 अक्टूबर को जारी दीपावली एडवाइजरी के अनुसार, पिछली घटनाओं का विश्लेषण करके थाना क्षेत्रों और स्थानों के आधार पर हॉटस्पॉट चिह्नित किए जाएं। इन संवेदनशील मार्गों और इलाकों पर पीआरवी (PRV - Police Response Vehicle) की पर्याप्त तैनाती की जाए। साथ ही, सभी जिलों को 5 नवंबर तक अपना संशोधित रूट चार्ट मुख्यालय भेजने का कड़ा निर्देश दिया गया है।
तकनीकी खराबी या स्टाफ की कमी नहीं बनेगी बहाना
आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए श्री सिंह ने जोर देकर कहा कि जनशक्ति (स्टाफ) की कमी या वाहनों में तकनीकी खराबी (ब्रेकडाउन) का बहाना नहीं चलेगा। किसी भी स्थिति में पीआरवी वाहन 'Non-Operational' (अप्रचलित) नहीं रहने चाहिए। पीआरवी की शत-प्रतिशत उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
नियमित ब्रीफिंग और मॉनिटरिंग के निर्देश
त्योहार के दौरान संचार व्यवस्था (Communication) और निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए आरओआईपी (ROIP) पर नियुक्त कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य की गई है। साथ ही, पीआरवी कर्मचारियों की नियमित ब्रीफिंग और चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि इवेंट मॉनिटरिंग को अधिक प्रभावशाली बनाया जा सके। 16 अक्टूबर को जारी संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का कड़ाई से पालन करने को भी कहा गया है।
बैठक के अंत में पुलिस महानिदेशक ने सभी जनपदीय नोडल अधिकारियों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली के दौरान प्रदेशवासियों को तुरंत और बिना किसी बाधा के आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह से अलर्ट रहें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।