'वोट बचाओ-देश बचाओ' रैली से दूरी बनाने पर UP यूथ कांग्रेस के 12 जिलाध्यक्ष और 68 पदाधिकारी सस्पेंड
कांग्रेस ने दिल्ली की 'वोट बचाओ-देश बचाओ' रैली में शामिल न होने पर उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस के 68 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

यह कार्रवाई संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत अनुशासनहीनता पर की गई है, जिसमें 12 जिलाध्यक्ष भी शामिल हैं।
HighLights
दिल्ली रैली में अनुपस्थित रहने पर हुई कार्रवाई।
उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस के 68 पदाधिकारी निलंबित।
निलंबितों में 12 जिलाध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी शामिल।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने निष्क्रिय और अनुशासनहीन पदाधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।
दिल्ली के रामलीला मैदान में पहली नवंबर को आयोजित वोट बचाओ-देश बचाओ रैली में शामिल न होने पर उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस के 68 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई की जद में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ 12 जिलाध्यक्ष भी आए हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित हुई इस रैली में पार्टी हाईकमान ने सभी पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद कई पदाधिकारी न तो खुद दिल्ली पहुंचे और न ही कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने में सक्रियता दिखाई। संगठन ने इसे गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए यह कार्रवाई की है।
निलंबित पदाधिकारियों में तीन प्रदेश उपाध्यक्ष, 33 प्रदेश महासचिव, 18 प्रदेश सचिव, एक संयुक्त सचिव, एक सोशल मीडिया कोआर्डिनेटर और 12 जिलाध्यक्ष शामिल हैं। इस कार्रवाई में प्रयागराज के पांच पदाधिकारी भी शामिल हैं। जल्द ही रैली में शामिल न होने वाले संगठन के अन्य पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।