कानपुर-गोरखपुर समेत यूपी के इन चिड़ियाघरों में होगी मुफ्त एट्री, बच्चों को फ्री में सैर कराएगी योगी सरकार
उत्तर प्रदेश सरकार 2 से 8 अक्टूबर तक वन्य प्राणी सप्ताह मनाएगी, जिसका उद्देश्य वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
दो से आठ अक्टूबर तक वन्य प्राणी सप्ताह का आयोजन।
बच्चों को लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर चिड़ियाघरों में मुफ्त प्रवेश।
वन्यजीव संरक्षण के प्रति बच्चों में जागरूकता बढ़ाना मुख्य उद्देश्य।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार दो से आठ अक्टूबर के बीच वन्य प्राणी सप्ताह मनाएगी। इसमें वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को वन्यजीवों के महत्व, उनके प्राकृतिक परिवेश और संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
वन्यजीवों के प्रति बच्चों में शुरू से ही संवेदनशीलता विकसित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इससे बच्चे करीब से वन्यजीवों को देखकर उनके संरक्षण और प्राकृतिक आवास के महत्व को समझ सकेंगे। इस दौरान लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर प्राणी उद्यान में बच्चों को निश्शुल्क प्रवेश दिया जाएगा।
वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान जंगल के बाशिंदों से रूबरू होने और वन्यजीवों के संरक्षण का संदेश समझने का मौका इस बार बच्चों को मिलेगा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव अनुराधा वेमूरी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक वन्य प्राणी सप्ताह मनाया जाएगा।
जानकारी देकर किया जाएगा जागरूक
उन्होंने बताया कि वन्यजीव व जंगल हमारे लिए महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके प्राकृतिक परिवेश को सुरक्षित रखना और वन्यजीवों का संरक्षण केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। सप्ताह के दौरान लोगों को वन्यजीवों और उनके संरक्षण से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराकर जागरूक किया जाएगा।
वन्यजीवों के प्रति बच्चों में शुरू से ही संवेदनशीलता विकसित करने के लिए इस बार भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। वन विभाग वन्य प्राणी सप्ताह का मुख्य कार्यक्रम गोरखपुर चिड़ियाघर में करने की तैयारी कर रहा है। यहां हाथी बाड़ा व कुछ अन्य नवीन सुविधाओं का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्घाटन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- सरकारी ITI में जल्द खुलेंगी बंपर भर्तियां, बिना लिखित परीक्षा होगी हायरिंग; कितनी मिलेगी सैलरी?
इसके साथ ही सभी चिड़ियाघर, टाइगर रिजर्व व लायन सफारी के टिकट व सफारी की बुकिंग के लिए ''''इंटीग्रेटेड आनलाइन टिकटिंग सिस्टम'''' विकसित किया गया है। इसका भी शुभारंभ इसी सप्ताह के दौरान किया जाएगा।
