UP Weather: बादलों की मौजूदगी के बीच धूप-उमस कर रही परेशान, IMD ने जारी किया बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट
UP Weather Today उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज सुबह से ही तेज धूप परेशान कर रही है। IMD ने आज से अगले तीन दिनों के लिए यूपी में बारिश के साथ कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना जताई थी।
लखनऊ, जेएनएन। UP Weather Today यूपी के कानपुर (Kanpur Weather), लखनऊ (Lucknow Weather), मेरठ, वाराणसी (Varanasi Weather), आगरा (Agra Weather), प्रयागराज (Prayagraj Weather), अयोध्या (Ayodhya Weather), गोरखपुर, गाजीपुर, बस्ती सहित कई जिलों में सुबह से तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है। आज से मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी जारी की थी। कई जिलों में धूप के साथ बादलों की लुकाछिपी ने उमस बढ़ा दी है। जिससे पसीना पसीना होकर लोग अब आसमान की ओर एक बार फिर उम्मीद भरी नजरों से देखने लगे हैं।
IMD ने यूपी के मथुरा (Mathura), हथरस, कासगंज, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, औरैया, जौनपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, अलीगढ़, झांसी और ललितपुर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन जिलों में आंधी के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। वहीं इस दौरान लोगों से अलर्ट रहने के लिए भी कहा गया है।
आगरा में शुक्रवार को सुबह से ही आसमान साफ है लेकिन ठंडी हवा चल रही है। उमस का स्तर अधिक है लेकिन हवा से राहत है। सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री से कम 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को दिन में धूप रहने के बाद शाम के समय बादल घिर सकते हैं और हल्की बारिश भी हो सकती है।
प्रयागराज में मौसम विभाग ने आज से 21 अगस्त तक बारिश की संभावना जताई है। आसमान में बादल तो छा रहे लेकिन बारिश नहीं हो रही है। जिसके चलते उमस भरी गर्मी एक बार फिर बढ़ गई है। आज शुक्रवार 19 अगस्त की सुबह आसमान में हल्के बादल छाए हैं। सूर्य से बादलों की लुकाछिपी चल रही है। कभी बादल तो कभी सूर्य की किरणें नजर आती हैं। अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है।
वाराणसी में मौसम विभाग (IMD) ने बारिश (Rain Alert) की संभावना जताई है। पूर्वांचल में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ घंटों में तेजी से मौसम बदलने की संभावना है। शुक्रवार की सुबह से ही बादलों की आवाजाही के साथ ही उमस लोगों को परेशान कर रही है। वाराणसी में बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा।
मेरठ में सुबह से ही तेज धूप खिली है। धूप के बीच बादलों की आवाजाही ने उमस बढ़ा दी है। चिलचिलाती धूप और पसीने से तर बदन लोगों परेशान कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी बारिश की उम्मीद कम है। गर्मी और उमस का असर बना रहेगा। बुलंदशहरवासियों को भीषण उमस से निजात नहीं मिल पा रही है। दिन निकलते ही तेज धूप लोगों को पसीना-पसीना कर रही है। दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।