UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला अब खत्म, सुबह कोहरा-ठंडी हवा से बढ़ेगी ठंड
UP Weather Update अधिकतम-न्यूनतम पारा में आएगी गिरावट। जनवरी में अभी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। धीरे-धीरे अधिकतम-न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। पहाड़ से आने वाली उत्तरी-पश्चिमी हवा ठंड बढ़ाएगी। पाक से सटे जम्मू-कश्मीर इलाके में बना विक्षोभ खत्म होने से बारिश का सिलसिला भी समाप्त हुआ।
लखनऊ, जेएनएन। UP Weather Update: जनवरी में कई दिनों से गर्मी जैसा अहसास हो रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते उमसभरा माहौल हो गया है। मगर, बारिश का सिलसिला अब खत्म हो गया। पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी हो गया है। ऐसे में मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ेगी।
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक, कई दिनों से अधिकतम-न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मगर, अब पाक से सटे जम्मू-कश्मीर इलाके में बना विक्षोभ खत्म हो गया है। ऐसे में बारिश का सिलसिला भी समाप्त हुआ। पिछलों दिनों पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश हुई। वहीं, अब पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। ऐसे में पहाड़ से आने वाली उत्तरी-पश्चिमी हवा ठंड बढ़ाएगी। धीरे-धीरे अधिकतम-न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। सुबह कोहरा भी रहेगा। ऐसे में गलन बढ़ेगी। जनवरी में अभी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। शुक्रवार को अधिकतम पारा 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। वहीं, न्यूनतम 12 डिग्री के आसपास रहेगा।
हवा चलेगी छटेगा प्रदूषण
लखनऊ में हवा चलेगी। ऐसे में प्रदूषण से भी राहत मिलेगी। गुरुवार को शहर की हवा अतिखराब श्रेणी से बाहर आई। ऐसे में एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 173 दर्ज किया गया। इसके अलावा यूपी के कई और बड़े शहरों के एक्यूआइ में सुधार आया है। काफी दिनों से इनका एक्यूआइ 300 से ऊपर बना हुआ था। अब 300 सौ के नीचे आ गया।