यूपी में कैसा रहेगा कल का मौसम? पूर्वी इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी, IMD ने जारी किया अपडेट
राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है, जिसके लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
5 से 10 अक्टूबर तक यूपी में मौसम में बदलाव की संभावना।
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट जारी।
किसानों और आम जनता के लिए मौसम विभाग ने दी सलाह।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आगामी 5 से 10 अक्टूबर के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। राज्य के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में अलग-अलग दिनों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की गई है।
क्यों हो रहा मौसम में बदलाव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से पूर्वी बांग्लादेश तक एक ट्रफ रेखा गुजर रही है। इसके साथ ही, एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा सकती हैं।
पूर्वी यूपी में कैसा रहेगा मौसम
5 से 10 अक्टूबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 6 से 8 अक्टूबर के दौरान भी कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली कड़कने का पूर्वानुमान है।
पश्चिमी यूपी में फिर बदलेगा मौसम
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 से 10 अक्टूबर के दौरान छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है। 6 से 9 अक्टूबर के दौरान कई हिस्सों में गरज के साथ बिजली गिरने और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। इस दौरान तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
आम लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने तेज हवाओं और बिजली चमकने की स्थिति में लोगों को पेड़ों के नीचे खड़ा न होने और बिजली के उपकरणों से सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखें तथा खेतों में पानी के उचित निकास की व्यवस्था करें।
