विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Weather: आगरा-लखनऊ समेत 26 जिलों में 'हीटवेव' का अलर्ट! तप रहा बांदा-प्रयागराज

Published: Mon, 20 Apr 2026 07:22 AM (IST)Updated: Mon, 20 Apr 2026 07:26 AM (IST)

उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। अगले कुछ दिनों में दक्षिणी हिस्सों ...और पढ़ें

धूप से बचाव के लिए छाता का प्रयोग करते पर्यटक। जागरण

धूप से बचाव के लिए छाता का प्रयोग करते पर्यटक। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश में मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है। इसके साथ ही तापमान में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। अगले दो-तीन दिनों तक प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। प्रदेश में आ रही शुष्क पछुआ हवा जारी रहेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग में कहीं-कहीं उष्ण लहर (लू) चल सकती है।

कई जिलों में अधिकतम तापमान हो सकता 45 डिग्री के करीब

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में निचले क्षोभ मंडल में आ रही शुष्क पछुआ हवा के साथ आतंरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से तापमान में क्रमिक वृद्धि होगी। इसके साथ उत्तराखंड के तराई भाग के अतिरिक्त प्रदेशभर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

प्रदेश में आ रही शुष्क पछुआ हवा जारी रहेगी, इससे बढ़ेगी गर्मी

प्रयागराज, वाराणसी, सुलतानपुर, आगरा, बाराबंकी, बहराइच, शाहजहांपुर एवं हरदोई में आगामी सप्ताह के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा, जबकि प्रदेश में अगले चार-पांच दिनों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है। इसी क्रम में रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर जा सकता है। इसके साथ अगले दो-तीन दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं कहीं गर्म रात के आसार हैं।

26 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया

प्रदेश में 26 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया। प्रदेश में अधिकतम तापमान प्रयागराज में सर्वाधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस रहा। लखनऊ का तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 41.9 डिग्री सेल्सियस रहा। बढ़ते तापमान और लू की संभावना को देखते हुए विशेषकर दोपहर में बाहर निकलने से बचें। यद्यपि निकलना ही है तो पूरी बाह के कपड़े पहनें। सिर ढककर रखें। धूप से बचाव के लिए चश्मा भी लगाएं।

यहां लू चलने की संभावना अधिक

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में लू चलने के आसार हैं। इनके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर एवं आसपास के इलाकों में उष्ण रात की भी संभावना है।

यह भी पढ़ें- मौसम पूर्वानुमान ब‍िहार : लखीसराय में अगले 72 घंटे भीषण गर्मी और लू की चेतावनी, तापमान 40 डिग्री के पार

 

लू में हीट स्ट्रोक का खतरा, देर सुबह टहलने से बचें

डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि लू में हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। जिन्हें वाकिंग और जांगिंग करने की आदत होती है, वे अक्सर लू में ऐसा करते हैं, लेकिन ऐसे मौसम में इससे बचना चाहिए। देर सुबह यानी 10-11 बजे टहलने से हीट स्ट्रोक की आशंका बढ़ जाती है। टहलना है तो सुबह जल्दी टहलें, लेकिन लंबा वाक न करें।

जिन लोगों को दोपहर में बाहर निकलना मजबूरी है, वे प्रतिदिन कम से कम तीन से चार लीटर पानी पीएं। धूप में जाएं तो पूरी अस्तीन के कपड़े पहनें। सिर को ढक कर रखें। अगर किसी को हीट स्ट्रोक हो जाता है तो उसे ठंडे वातावरण में रखें और तत्काल अस्पताल में भर्ती कराएं।