UP Weather: यूपी में गिरेगा रात का पारा, कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, अभी ठंड से नहीं मिलेगी राहत
शुक्रवार को लखनऊ और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह और देर शाम को कोहरे का असर देखने को मिलेगा। हालांकि दोपहर बाद मौसम साफ हो जाएगा और धूप निकलेगी जिससे ठंड में राहत मिलेगी। प्रदेश में 20 जनवरी सोमवार से मौसम में फिर बदलाव आ सकता है। उस दिन से देर रात और सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ने की संभावना है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश में इस समय मौसम का मिजाज लगातार बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। कभी घना कोहरा, कभी बादल और कभी धूप के बीच ठंड का असर बरकरार है। प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। गुरुवार को लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में भारी कोहरे के कारण लगभग 18 ट्रेनें देरी से चलीं, जिनमें से कुछ ट्रेनें 11-11 घंटे की देरी से थीं।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को लखनऊ और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह और देर शाम को कोहरे का असर देखने को मिलेगा। हालांकि, दोपहर बाद मौसम साफ हो जाएगा और धूप निकलेगी, जिससे ठंड में राहत मिलेगी। गुरुवार को लखनऊ में सुबह के समय बादल और सर्द हवाओं के कारण ठंड का असर ज्यादा था। दिन के दौरान हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन यह बेअसर रही।
शाम को हुई हल्की बूंदाबांदी
शाम के वक्त हल्की बूंदाबांदी भी हुई। लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को लखनऊ में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई है।
20 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम
इसमें अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में अगले दो दिन तक घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। उधर, प्रदेश में 20 जनवरी, सोमवार से मौसम में फिर बदलाव आ सकता है। उस दिन से देर रात और सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: 18 जनवरी से आ रहा नया पश्चिमी विक्षोभ, यूपी समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट; अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?
21-22 को होगी बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में 21 और 22 जनवरी को गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने का अनुमान है। वहीं, कुछ इलाकों में छिछला से मध्यम कोहरा भी छा सकता है।
शनिवार तक यहां रहेगा घना कोहरा
18 जनवरी तक देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत समेत कई जिलों में बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है।
इसी तरह प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी और रायबरेली में भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड, गौतमबुद्ध नगर, बुलन्दशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और उसके आसपास के इलाकों में गलन बरकरार रहेगी।
यह भी पढ़ें: उत्तर भारत में कोहरे का कहर, दिल्ली-यूपी में बारिश ने बढ़ाई ने ठिठुरन; कश्मीर-हिमाचल में बर्फबारी से सड़कें बंद
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।