विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Weather Today: प्रदेश में दिखेगा चक्रवात 'अर्णब' का असर, 18 जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट

Published: Wed, 28 Oct 2026 07:12 AM (IST)

चक्रवात 'अर्णब' के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में 31 अक्टूबर तक भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. चक्रवात 'अर्णब' का प्रभाव उत्तर प्रदेश में दिखेगा।

  2. 31 अक्टूबर तक भारी बारिश और तेज हवाएं चलेंगी।

  3. मौसम विभाग ने सुरक्षित रहने की चेतावनी जारी की।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। चक्रवात ‘अर्णब’ का प्रभाव उत्तर प्रदेश में भी रहेगा। हालांकि, इसका सर्वाधिक असर पूर्वांचल में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश बुधवार से 31 अक्टूबर के बीच बेमौसम भारी वर्षा के साथ गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है।

इस दौरान लखनऊ और आसपास के जिलों में बादलों की आवाजाही के बीच धूप निकलने के आसार हैं। एक नवंबर से मौसम में फिर परिवर्तन होगा और तेज धूप निकलने के साथ दिन व रात के तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि बुधवार को प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में करीब 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने के पूर्वानुमान हैं। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं गुरुवार को कई जिलों में भारी बारिश और 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने व वज्रपात का अलर्ट है। चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुलतानपुर सहित कई जिलों में मध्यम से भारी वर्षा का अनुमान है।

30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के कई जिलों के साथ बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश व तेज हवा की संभावना जताई गई है। मौसम बदलने के साथ दिन के तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के दौरान पक्के भवनों में शरण लेने, पेड़ों, बिजली के खंभों से दूर रहने व अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, खेतों और जलाशयों के पास जाने से भी बचने को कहा है।

बहराइच सबसे गर्म तो हरदोई सबसे ठंडा

मौसम विभाग के मुताबिक, कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना है, लेकिन कुछ जिलों में रात का पारा तेजी से गिर रहा है। 14 डिग्री सेल्सियस के साथ हरदोई में प्रदेश की सबसे ठंडी रात रही, जबकि 34.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बहराइच में दिन का पारा सबसे अधिक रहा। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

यह भी पढ़ें- पक्के घर के बाद अब यूपी के परिवारों को बड़ा तोहफा देने जा रही योगी सरकार, रोजगार को लेकर तैयार किया ये तगड़ा प्लान