UP Weather: यूपी में जल्द तेजी से बदलेगा मौसम, नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश के बढ़े आसार
UP Weather Alert Update Today उत्तर प्रदेश में सूरज की तपिश फिर से लोगों को परेशान कर रही है। ऐसे में एक बार फिर प्रदेश के मौसम में तेजी से तब्दीली की संभावना है। प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश के आसार बढ़े हैं।
लखनऊ, जेएनएन। UP Weather Alert Update Today प्रदेश दो दिन हुई बारिश के बाद चिलचिलाती धूप फिर से परेशान करने लगी है। ऐसे में यूपी में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से जल्द मौसम बदलने की संभावना है। ऐसे में एक बार फिर बारिश की बूंदों से भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। प्रदेश के कई शहरों में सुबह शाम बादल छाए हुए हैं। सुबह और शाम में हवा में ठंडक महसूस की जा रही है लेकिन सूरज निकलते ही उसकी तपिश परेशान कर रही है।
यूपी में फिर बारिश के आसार बढ़े
कानपुर में पिछले सप्ताह से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के साथ नया पश्चिमी विक्षोभ आने को तैयार है। इसकी वजह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा के आसार हैं लेकिन कानपुर इससे अछूता रहेगा। मंगलवार को बादल छाए रहने के सथ बूंदाबांदी हो सकती है। बीते सप्ताह में नौ मिमी वर्षा कराने वाला पश्चिमी विक्षोभ अब बेअसर हो गया है।
कानपुर में 38 डिग्री पहुंचा पारा
सोमवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान बढ़कर 38 डिग्री पर पहुंच गया। रात का तापमान भी 24 डिग्री रहा है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विशविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा.एसएन सुनील पांडेय के अनुसार रविवार और सोमवार दोनों दिन बादल शहर के ऊपर से ही गुजर गए। अब नया सिस्टम सक्रिय होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक भारी वर्षा के आसार बन रहे हैं।
गर्मी से रहे सावधान
लखनऊ तक भी इसका थोड़ा असर रहेगा लेकिन कानपुर में वर्षा के आसार नहीं बन रहे हैं। मंगलवार को दिन में तापमान सामान्य से कम ही रह सकता है लेकिन सुबह-शाम आंधी व तेज हवा चलने की उम्मीद बनी हुई है। हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। उन्होंने बताया मौसम में नए सिस्टम का असर एक दिन ही रहेगा। बुधवार से मौसम में गर्मी का अहसास बढ़ने लगेगा। इसलिए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
सोमवार को सर्वाधिक बारिश आगरा में हुई
लखनऊ में मंगलवार को सुबह से निकली धूप के बीच नमी से मौसम कुछ बेहतर रहा। मौसम विभाग ने दो दिनों तक पश्चिमी यूपी में छिटपुट बारिश के आसार जताए हैं। मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक दानिश के अनुसार पश्चिमी यूपी के कई जिलों में सोमवार को छिटपुट बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश आगरा में 13.2 मिलीमीटर अलीगढ़ में 2.0 मिलीमीटर और कानपुर में छिटपुट बारिश हुई है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में बढ़ेगा तापमान
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में अगले दो दिनों तक 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा संग गरज और चमक के साथ बारिश की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में सोमवार से ही तापमान में बढ़ोतरी शुरु हो गई है। सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री से पार जा सकता है। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.3 दिन और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
41 डिग्री पहुंचा लखीमपुर का पारा
सोमवार को प्रदेश में सर्वाधिक तापमान बस्ती लखीमपुर खीरी में 41 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सबसे कम तापमान अयोध्या में 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को लखनऊ के आसपास के कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही और गरज चमक के साथ बौछार पड़ सकती है पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।