विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

22 September Ka Mausam: यूपी में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट

Published: Mon, 21 Sep 2026 03:33 PM (IST)

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश में 24 से 27 सितंबर के दौरान भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. उत्तर प्रदेश में 24-27 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना।

  2. पूर्वी और पश्चिमी यूपी में आंधी-तूफान, तेज हवाएं चलेंगी।

  3. नागरिकों को बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मौसम में जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। विभाग ने राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों के लिए बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में मध्य क्षोभमंडल स्तर में दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और इसके आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक 'अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इसके साथ ही, अगले 2-3 दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम

पूर्वी यूपी में वाराणसी, आजमगढ़ और गोरखपुर समेत कई जिलों में 22, 23 और 24 सितंबर को छिटपुट बारिश और 25 से 26 सितंबर के दौरान अधिकांश स्थानों पर अच्छी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। 25 से 27 सितंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम का हाल

सहारनपुर, बिजनौर और मेरठ समेत पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में 24 से 27 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम बरसात हो सकती है। वहीं, 26 और 27 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी

24 से 27 सितंबर के दौरान पूरे राज्य में गर्जन, बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने, बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर जाने और खुले में या पेड़ों के नीचे न रुकने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें- यूपी होमगार्ड में 7600 पदों पर भर्ती की तैयारी, योगी सरकार ने दी हरी झंडी