यूपी विधान सभा चुनाव: वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण का शेड्यूल जारी, युवा इस डेट तक बनवा सकेंगे मतदाता कार्ड
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष कार्यक्रम निर्धारित।
1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष के युवा कर सकेंगे आवेदन।
अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को होगी प्रकाशित।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान सभा चुनाव की तैयारियों के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) का कार्यक्रम निर्धारित किया है। जिसमें एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मतदेय स्थलों का पुनर्गठन दो नवंबर तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद एकीकृत मतदाता सूचियों के ड्राफ्ट (आलेख्य) का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक का समय तय किया गया है।
यह भी पढ़ें- कानपुर में होमगार्ड भर्ती की मेडिकल जांच में पैसे लेने का आरोप, दो डॉक्टरों समेत तीन गिरफ्तार
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देने के लिए राज्य और जिला स्तर पर बैठकें भी की जाएंगी। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी कर प्रदेश की मतदाता सूची को अद्यतन (अपडेट) किया जाएगा।
