लखनऊ में बैंक मैनेजर के ठिकानों पर विजिलेंस की रेड, सुभाष चंद्र की 4.40 करोड़ की बेनामी संपत्ति उजागर
विजिलेंस ने उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के मैनेजर सुभाष चंद्र के ठिकानों पर भ्रष्टाचार के मामले में जांच की।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
बैंक मैनेजर सुभाष चंद्र के ठिकानों पर विजिलेंस की जांच।
3.40 करोड़ की अचल संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए।
कुल 4.40 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विजिलेंस ने भ्रष्टाचार के मामले में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के मैनेजर सुभाष चंद्र के दो ठिकानों पर जांच की है। इस दौरान विजिलेंस की टीम को 3.40 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति से संबंधित दस्तावेज मिले हैं।
साथ ही रिवाल्वर व वाहन सहित सहित करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति का भी पता चला है। आरोपित संबंधित बैंक की लखनऊ शाखा में प्रबंधक श्रेणी-03 के पद पर तैनात है।
विजिलेंस के अनुसार हरदोई के संडीला स्थित ग्राम हसनापुर निवासी आरोपित के विरुद्ध खुली जांच के बाद आय से 149.67 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने का मामला सामने आया था। इसके बाद आरोपित के खिलाफ विजिलेंस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू की थी।
इसी सिलसिले में बुधवार को विजिलेंस की तीन टीमों ने आरोपित के आशियाना स्थित मारुति पुरम सेक्टर-के में स्थित आवास तथा इंद्रलोक कॉलोनी, कृष्णानगर स्थित वीरेंद्र सिंह मेमोरियल निजी आइटीआइ में छापेमारी कर मिले दस्तावेजों की जांच की।
इस दौरान आरोपित और उसके परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर बड़ी मात्रा में चल-अचल संपत्ति में निवेश से संबंधित दस्तावेज और साक्ष्य मिले हैं। जांच में पांच भूखंडों के अलावा आशियाना में दो मंजिला मकान के निर्माण पर करीब 40 लाख रुपये और इंद्रलोक स्थित तीन मंजिला निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के निर्माण पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी मिली।
इन अचल संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 3.40 करोड़ रुपये आंका गया है। छापामेरी के दौरान वाहनों, राइफल और रिवाल्वर, सोने-चांदी के आभूषण, विलासिता व साज-सज्जा के सामान तथा अन्य निवेश से संबंधित संपत्तियां भी मिलीं हैं। इनकी कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
विजिलेंस के अनुसार आरोपित की कुल अनुमानित संपत्ति का मूल्य करीब 4.40 करोड़ रुपये है। विजिलेंस की टीम आरोपित के आवास में लगाए गए लग्जरी सामानों की भी सूची तैयार कर उनकी कीमत निकाल रही है।
इन संपत्तियों के दस्तावेज मिले
1.भूखंड संख्या-10-सी/166, वृंदावनयोजना फेज-2
2.भूखंड संख्या-08-सी-602, वृंदावनयोजना फेज-2
3.भूखंड संख्या-28-मारुति पुरम, सेक्टर-के, आशियाना
4.भूखंड संख्या-05-भगवती विहार, इंद्रलोक कालोनी, ग्राम कनौसी, लखनऊ
5.भूखंड संख्या-04बी-भगवती विहार, इंद्रलोक कालोनी, ग्राम कनौसी, लखनऊ
यह भी पढ़ें- टैक्सी स्टैंड के लिए अब निजी भूखंड लीज पर लेगी बांसी नगर पालिका, भू-स्वामी 30 सितंबर तक करें आवेदन
