विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अगले 20 सालों में बदल जाएगी उत्तर प्रदेश की तस्वीर, 60% तक बढ़ेगा शहरी दायरा; 6 शहर बनेंगे बड़े आर्थिक केंद्र

By hemant srivastavaEdited By: Sachin Sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 06:05 AM (IST)

उत्तर प्रदेश अगले दो दशकों में ग्रामीण-शहरी भू-भाग में बड़ा बदलाव देखेगा, जहाँ शहरी क्षेत्र 24.54% से बढ़कर 60% हो जाएगा।

पहली तस्वीर प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है और सीएम योगी आदित्यनाथ

पहली तस्वीर प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है और सीएम योगी आदित्यनाथ

HighLights

  1. अगले 20 वर्षों में शहरी क्षेत्र 24.54% से 60% होगा।

  2. छह ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था हेतु छह क्षेत्रीय आर्थिक केंद्र विकसित होंगे।

  3. मेट्रो, रैपिड रेल, किफायती आवास और हरित विकास पर जोर।

हेमंत श्रीवास्तव, लखनऊ। प्रदेश को विकसित बनाने और वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को छह ट्रिलियन डॉलर का आकार देने की कोशिश के तहत अगले दो दशक में ग्रामीण व शहरी भू-भाग में बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा। अभी प्रदेश के 75.46 प्रतिशत भू-भाग में विस्तारित ग्रामीण क्षेत्र का दायरा तब सिमटकर 40 प्रतिशत पर आने का अनुमान है, जबकि शहरी क्षेत्र 24.54 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत होने की संभावना है।

‘विकसितयूपी@2047’ विजन डॉक्यूमेंट के तहत आगामी 20 वर्षों में विश्व के शीर्ष 100 शहरों में प्रदेश के तीन शहरों को शामिल कराने का लक्ष्य भी रखा गया है। विजन डाक्यूमेंट के मुताबिक उप्र को विकसित बनाने के लिए शहरों के विस्तार के साथ क्षेत्र आधारित आर्थिक विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

बुनियादी ढांचे, आवास, परिवहन और औद्योगिक विकास पर विशेष ध्यान रहेगा। वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज सहित छह क्षेत्रीय आर्थिक केंद्र विकसित किए जाएंगे। क्षेत्रीय नियोजन के जरिये विनिर्माण, लाजिस्टिक्स, पर्यटन, कृषि तकनीकी और वेलनेस क्षेत्रों को मजबूत किया जाएगा।

मेट्रो, रैपिड रेल और इलेक्ट्रिक बसों का होगा विस्तार

लखनऊ को केंद्र में रखकर विकसित हो रहे राज्य राजधानी क्षेत्र को मॉडल महानगरीय क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। सभी शहरी क्षेत्रों में जीआइएस सक्षम मास्टर प्लान लागू होंगे। इनके माध्यम से मिश्रित भूमि उपयोग, सार्वजनिक परिवहन केंद्रित विकास, डिजिटल एकीकरण और जलवायु अनुकूल शहरी बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलेगा।

विकसित भूखंडों का बैंक बनाया जाएगा और बुनियादी ढांचे तथा किफायती आवास के लिए जमीन आरक्षित होगी। उच्च गुणवत्ता वाली सार्वजनिक सुविधाओं और हरित क्षेत्रों से युक्त नई टाउनशिप भी विकसित की जाएंगी। शहरों में आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साथ विरासत आधारित पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। जाम और प्रदूषण कम करने के लिए एकीकृत परिवहन नेटवर्क बनाया जाएगा।

शहरी क्षेत्रों में बढ़ाए जाएंगे किफायती आवास

कम कार्बन उत्सर्जन वाले और आर्थिक रूप से एकीकृत शहरी विकास को बढ़ावा देने के तहत मेट्रो, रैपिड रेल, इलेक्ट्रिक बसों और ईवी कनेक्टिविटी का विस्तार होगा। यातायात प्रबंधन में एआई, रियल टाइम ट्रैकिंग और जलवायु अनुकूल परिवहन व्यवस्थाओं का इस्तेमाल किया जाएगा।

दिल्ली-लखनऊ-प्रयागराज-वाराणसी और लखनऊ-अयोध्या को जोड़ने वाले हाई स्पीड रेल नेटवर्क की योजना प्रस्तावित है। एनसीआर में आर्बिटल रेल कारिडोर बनाया जाएगा। झुग्गी मुक्त उत्तर प्रदेश के लक्ष्य के तहत शहरी क्षेत्रों में किफायती आवास बढ़ाए जाएंगे।

आवासीय योजनाओं में हरित भवन, गर्मीरोधी सामग्री आदि तकनीक शामिल होगी। सभी जिलों में न्यूनतम एक शहरी विकास प्राधिकरण स्थापित करने का प्रस्ताव भी है। नागरिक सेवाओं का 100 प्रतिशत डिजिटलीकरण होगा। शहरीकरण से कृषि भूमि कम होने की चुनौती से निपटने और कृषि उत्पादकता को वैश्विक स्तर पर ले जाने का व्यापक रोडमैप भी बनाया गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर सपा-कांग्रेस की दिल्ली में बैठक आज, 3 चरणों में दावा पेश करेगी कांग्रेस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।