घर जाने की राह होगी आसान, यूपी में दीपावली से छठ तक चलेंगी 3000 अतिरिक्त बसें
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम दीपावली से छठ पर्व तक यात्रियों की सुविधा के लिए 3000 अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। ...और पढ़ें
-1793194560529_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
दीपावली से छठ तक 3000 अतिरिक्त बसें चलेंगी।
यात्रियों की सुविधा हेतु विशेष प्रबंध व सहायता केंद्र।
ड्राइवरों-कंडक्टरों को मिलेगा विशेष प्रोत्साहन भत्ता।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। दीपावली से छठ पर्व के बाद तक परिवहन निगम प्रदेशभर में 3000 अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। इनमें डिपोवार रिजर्व बसों के साथ ही बसों के फेरे बढ़ाकर यात्रियों का आवागमन सुगम किया जाएगा। बसों का आवागमन धनतेरस छह नवंबर से एक दिन पहले शुरू होकर छठ पर्व के बाद तक चलेगा। दूसरे राज्यों से आने वालों को घर पहुंचाने के लिए परिवहन निगम की बसें मुख्य मार्गों के साथ ही जिले के सामान्य रूटों पर भी चलेंगी। परिवहन निगम इसका ब्योरा तैयार कर रहा है, आदेश जल्द जारी होगा।
लखनऊ से सबसे अधिक बसों का संचालन लखनऊ-दिल्ली, लखनऊ-गोरखपुर, दिल्ली, आजमगढ़, बहराइच, बलरामपुर व प्रयागराज जैसे मार्गों के लिए होगा। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के बेड़े में इस समय 14110 बसें हैं। सभी 20 क्षेत्र पूरी क्षमता के साथ महापर्व पर बसों का संचालन करेंगे। त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों की साफ-सफाई के साथ ही पानी, बैठने आदि का प्रबंध करने के भी निर्देश दिए गए हैं। बस स्टेशनों पर सहायता केंद्र भी खोले जाएंगे साथ ही रवाना होने वाली बसों की डिजिटल समय सारिणी लगाई गई है।
यह भी निर्देश होगा कि जिस मार्ग पर यात्री मिले वहां के लिए बसें अनिवार्य रूप से भेजी जाएं। सभी क्षेत्रों को जरूरत के हिसाब से यात्रियों की मांग के अनुरूप भेजना होगा। परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक संचालन अनिल कुमार ने बताया, दीपावली से छठ तक बसें चलाने के लिए दिशा-निर्देश तैयार हो रहे हैं, इस दौरान बसों के ड्राइवर व कंडक्टरों को विशेष प्रोत्साहन भत्ता का लाभ मिलेगा।
परिवहन कर्मचारियों को मिलेगा प्रोत्साहन भत्ता
यात्रियों को दिनरात सेवा देने के लिए परिवहन निगम अपने कर्मचारियों को प्रोत्साहन देगा। कर्मचारी कई दिन तक लगातार सेवाएं देते हैँ, उन्हें अवकाश नहीं मिलता इसलिए उन्हें प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा। इससे ड्राइवर व कंडक्टर खुशी से बसों का संचालन करेंगे।
निगम की बसों का क्षेत्रवार बेड़ा
| क्षेत्र का नाम | बसों की संख्या |
|---|---|
| नोएडा | 474 |
| इटावा | 530 |
| हरदोई | 998 |
| प्रयागराज | 676 |
| बरेली | 716 |
| लखनऊ | 958 |
| मुरादाबाद | 923 |
| गोरखपुर | 1042 |
| चित्रकूट | 483 |
| आगरा | 785 |
| गाजियाबाद | 1020 |
| सहारनपुर | 774 |
| झांसी | 247 |
| अयोध्या | 464 |
| कानपुर | 763 |
| अलीगढ़ | 728 |
| आजमगढ़ | 564 |
| देवीपाटन | 427 |
| मेरठ | 899 |
| वाराणसी | 639 |
| कुल | 14110 |
यह भी पढ़ें- लखनऊ एयरपोर्ट पर बढ़ी सख्ती, संदिग्ध दस्तावेजों के साथ पकड़ा गया नेपाली नागरिक
