यूपी में इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट्स के मूल्यांकन में अब AI का होगा इस्तेमाल, अधिकारियों को मिली खास ट्रेनिंग
उत्तर प्रदेश में औद्योगिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के मूल्यांकन में अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग किया जाएगा। इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, मानवीय त्रुटियां कम होंगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
एआई का उपयोग औद्योगिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के मूल्यांकन में होगा।
प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने, मानवीय त्रुटियां कम करने में सहायक।
इन्वेस्ट यूपी ने अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राज्य में औद्योगिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के मूल्यांकन तथा वित्तीय विश्लेषण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने, मानवीय त्रुटियां कम करने और औद्योगिक नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। इन्वेस्ट यूपी की ओर से शनिवार को अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आइआइडीसी) आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में अधिकारियों को एआइ के व्यावहारिक उपयोग के साथ परियोजना मूल्यांकन और वित्तीय विश्लेषण का प्रशिक्षण दिया गया।
आलोक कुमार ने कहा कि बुनियादी ढांचे और औद्योगिक परियोजनाओं की बढ़ती जटिलता को देखते हुए आधुनिक तकनीक और बेहतर विश्लेषणात्मक क्षमताओं को अपनाना जरूरी है। एआइ आधारित विश्लेषण से निर्णय प्रक्रिया बेहतर होगी और परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया।
एआइ विशेषज्ञ विनीत सक्सेना ने सरकारी कार्यों में एआइ के व्यावहारिक उपयोग पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि एआइ आधारित उपकरण प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, सूचनाओं का विश्लेषण करने और मैनुअल कार्यों का बोझ कम करने में सहायक हैं। उन्होंने डाटा सुरक्षा, सटीकता, नैतिक उपयोग और मानवीय निगरानी को भी जरूरी बताया।
अशिजा एंड कंपनी के वित्त एवं आडिट विशेषज्ञ सीए आशीष कपूर ने विभिन्न सरकारी नीतियों के तहत परियोजना मूल्यांकन और वित्तीय विश्लेषण की जानकारी दी। उन्होंने व्यवस्थित वित्तीय आकलन को बेहतर निर्णय प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी गजल भारद्वाज सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।