TGT भर्ती के नियमों में बड़ा बदलाव: अब शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करना अनिवार्य, अभ्यर्थियों के लिए आया जरूरी अपडेट
उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (टीजीटी) भर्ती के लिए अब शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
टीजीटी भर्ती में टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य।
अभ्यर्थियों को 30 जून 2027 तक छूट।
नियुक्ति अन्य अर्हताओं और सत्यापन पर निर्भर।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (टीजीटी) के पदों पर होने वाली आगामी भर्ती में पहली बार शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता लागू करने का निर्णय लिया है। हालांकि इसमें अभ्यर्थियों के लिए अगले वर्ष 30 जून तक शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पास करने का वैध प्रमाणपत्र हासिल करने की छूट होगी।
यह आदेश अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (स्नातक वेतनक्रम) यानी टीजीटी पदों की आगामी भर्ती से संबंधित है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को आगामी टीईटी भी जल्द कराने के लिए कहा गया है।
इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बुधवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के सचिव को निर्देश जारी किए हैं। इसमें आयोग से कहा है कि टीजीटी की आगामी भर्ती के विज्ञापन में स्पष्ट किया जाए कि अभ्यर्थी के पास 30 जून 2027 तक संबंधित पद के लिए निर्धारित शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने का वैध प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है।
यह भी पढ़ें- UP MLC Election: अब मतदाता सूची में क्लैरिकल मिस्टेक के बावजूद डाल सकेंगे वोट, सरकारी आदेश जारी
इस शर्त को भर्ती विज्ञापन में शामिल करने के लिए आयोग को आगे की कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने भर्ती विज्ञापन में यह शर्त भी शामिल करने को कहा है कि चयन सूची में नाम आने या चयनित घोषित होने मात्र से अभ्यर्थी को नियुक्ति का अधिकार नहीं मिल जाएगा।
नियुक्ति पत्र तभी जारी किया जाएगा, जब अभ्यर्थी अन्य निर्धारित अर्हताएं पूरी करेगा और उसके प्रमाणपत्रों व दस्तावेजों का सत्यापन हो जाएगा।
