सीनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप के लिए यूपी टीम का एलान, लखनऊ के 6 खिलाड़ियों का चयन
16वीं सीनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश टीम घोषित कर दी गई है, जिसमें लखनऊ के छह खिलाड़ियों को जगह मिली है।

ये तसवीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
यूपी सीनियर नेशनल हॉकी टीम घोषित, लखनऊ का दबदबा।
छह लखनऊ खिलाड़ी टीम में, मोहम्मद कैफ भी शामिल।
झांसी में चैंपियनशिप, टीम का लक्ष्य स्वर्ण पदक।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। 16वीं सीनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश टीम बुधवार को घोषित कर दी गई। यूपी टीम में लखनऊ का दबदबा है।
यूपी हॉकी संघ के महासचिव एवं भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रजनीश मिश्र के अनुसार, राज्य की टीम में लखनऊ हास्टल के प्रशिक्षु मो. कैफ के साथ जिले के पांच खिलाड़ियों आमिर अली, शारदा नंद तिवारी, अरुण साहनी, मनीष साहनी और पीयूष एस. को जगह दी गई है।
इन छह खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम को अनुभव और युवा प्रतिभा का लाभ जरूर मिलेगा। 10 से 21 अक्टूबर तक झांसी में आयोजित राष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए उत्तर प्रदेश की टीम रवाना हो गई। इस टूर्नामेंट में पिछली बार कांस्य पदक जीतने वाले यूपी की नजर इस बार चैंपियन बनने पर है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम के शिविरों में हिस्सा ले चुके खिलाड़ियों से सजी उत्तर प्रदेश की टीम के सामने इस बार प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने की चुनौती होगी। लखनऊ के खिलाड़ियों पर भी व्यक्तिगत प्रदर्शन के साथ राज्य की टीम को निर्णायक बढ़त दिलाने की जिम्मेदारी रहेगी।
उत्तर प्रदेश टीम का प्रशिक्षण शिविर गोमतीनगर विजयंत खंड स्टेडियम के मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम में लगा। यहां खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अभ्यास किया और अपनी तैयारियों को मजबूती दी। लखनऊ हास्टल के कोच रजनीश मिश्रा ने कहा, इस बार टीम का लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना है। टीम में कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं, जिनसे बड़ी उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश हॉकी टीम
अतुल दीप (कप्तान) पीयूष सत्यकर्णी, प्रशांत कुमार चौहान, मोहम्मद हारिस, अजीत यादव, अजय यादव, आकाश पाल, आशु मौर्य, सुमित कुमार, विशाल सिंह, चंदन यादव, मनीष सहानी, रोहित सिंह चौहान, शारदा नंद तिवारी, मोहम्मद कैफ, मिथलेश कुमार, आमिर अली और अरुण साहनी। मुख्य कोच- जितेंद्र सिंह भदौरिया, मैनेजर- देवेंदर पाल और सहायक कोच आयुष द्विवेदी।
