यूपी के 3.50 लाख टीचरों के कैशलेस इलाज को लेकर आया बड़ा अपडेट, वित्तविहीन शिक्षकों को CM योगी ने दिया बड़ा तोहफा
प्रदेश सरकार ने वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के करीब 3.50 लाख शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ देने ...और पढ़ें
-1784736494323_m.webp)
HighLights
वित्तविहीन माध्यमिक शिक्षकों को मिलेगा कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ।
लगभग 3.50 लाख शिक्षक होंगे इस योजना से लाभान्वित।
पंजीकरण के बाद प्रधानाचार्य और डीआइओएस करेंगे सत्यापन।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के करीब 3.50 लाख शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ देने की प्रक्रिया तय कर दी है। शिक्षकों को चिह्नित करने और सत्यापन की कार्रवाई जल्द पूरी कराने के लिए कहा गया है ताकि पात्र शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके।
पात्र शिक्षकों को योजना के लिए विकसित पोर्टल (cmtcts.upsdv.gov.in) पर सबसे पहले अपना पंजीकरण करना होगा। इसके बाद उन्हें अपने तथा अपने आश्रितों का विवरण आधार कार्ड के अनुसार पोर्टल पर दर्ज करना होगा। आवेदन सबसे पहले संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य के पास जाएगा। प्रधानाचार्य यह सत्यापित करेंगे कि शिक्षक की नियुक्ति नियमानुसार हुई है और वह वर्तमान में कार्यरत है।
डीआइओएस को भेजा जाएगा आवेदन
सत्यापन के बाद आवेदन जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआइओएस) को भेजा जाएगा। डीआइओएस दूसरे स्तर पर आवेदन का परीक्षण करेंगे और सत्यापन पूरा होने के बाद अंतिम स्वीकृति देंगे।
शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई शिक्षक किसी कारणवश विद्यालय से अलग हो जाता है तो संबंधित प्रधानाचार्य इसकी सूचना तत्काल डीआइओएस को देंगे, ताकि उस शिक्षक को योजना से अलग किया जा सके और केवल पात्र शिक्षकों को ही सुविधा का लाभ मिले। माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक को शासनादेश के अनुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
