यूपी माध्यमिक शिक्षा के 3567 शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को मिलेगा अप्वाइंटमेंट लेटर, सीएम योगी देंगे पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3567 नए शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को नियुक्ति पत्र देंगे।

माध्यमिक शिक्षा में 3567 शिक्षकों व प्रधानाचार्यों को मिलेगा नियुक्ति पत्र। फाइल फोटो
HighLights
मुख्यमंत्री योगी 3567 शिक्षकों, प्रधानाचार्यों को देंगे नियुक्ति पत्र।
मिशन रोजगार के तहत इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यक्रम आयोजित।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने पूरी की चयन प्रक्रिया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार मिशन रोजगार के तहत मंगलवार को एक साथ अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में 3567 नए शिक्षकों और प्रधानाचार्यों की नियुक्ति पत्र मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देंगे।
इनमें 319 प्रधानाचार्य, 258 प्रधानाध्यापक, 618 प्रवक्ता (पीजीटी) और 2372 सहायक अध्यापक (टीजीटी) शामिल हैं। नियुक्ति पाने वालों में 1090 महिलाएं और 2477 पुरुष हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने पूर्व में विज्ञापित रिक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन अभ्यर्थियों का चयन किया है।
प्रदेश सरकार ने अगले छह महीने में एक लाख सरकारी नौकरियां देने और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने का अभियान शुरू किया है। इसके तहत 19 और 20 सितंबर को विभिन्न विभागों में नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने का यह तीसरा कार्यक्रम है।
प्रदेश में बेसिक, माध्यमिक, उच्च और तकनीकी शिक्षा संस्थानों में संस्था प्रधानों और शिक्षकों की भर्ती को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए 21 अगस्त 2023 को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का गठन किया गया था।
माध्यमिक शिक्षा में 2017 से अब तक 48,018 चयनित
माध्यमिक शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में वर्ष 2017 से 22 सितंबर तक संस्था प्रधान और शिक्षकों के विभिन्न पदों पर 48,018 अभ्यर्थियों का चयन/नियुक्ति की गई है। इनमें 1456 संस्था प्रधान (प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक), 40,955 सहायक अध्यापक (टीजीटी) और 5607 प्रवक्ता (पीजीटी) शामिल हैं।
