विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

युवाओं के हाथ में टैबलेट यानि सामर्थ्य का संकल्प

Published: Sun, 15 Nov 2026 07:39 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण का उद्घाटन किया, जिससे लाखों युवाओं को ...और पढ़ें

News Article Hero Image

अभिषेक मिश्र। एक टैबलेट में आई सामग्री केवल एक छात्र की डिग्री नहीं सुधारती। बड़ा भाई सीख सकता है, मां डिजिटल साक्षरता पा सकती है, पिता अपने रोजगार या खेती से जुड़ी जानकारी खोज सकते हैं। यानी निवेश एक का, लाभ पांच का। यही वह गुणक प्रभाव है जो इस योजना को पारिवारिक सशक्तीकरण का माध्यम बनाता है।

कुछ तारीखें ऐसी होती हैं जिन्हें समाज अपनी स्मृति में हमेशा के लिए दर्ज कर लेता है और 15 नवंबर ऐसी ही एक तारीख है जब देश जनजातीय गौरव दिवस पर धरती आबा बिरसा मुंडा को याद करता है। यह उस योद्धा का स्मरण है जिसने अभावों के बीच भी स्वाभिमान की मशाल बुझने नहीं दी। इसी दिन लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जिसके पहले दिन 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट मिले।
यह संयोग युवाओं के भविष्य का संदेश है। जिस दिन देश स्वाभिमान की विरासत को नमन करता है, उसी दिन प्रदेश का युवा अवसर की नई कुंजी अपने हाथ में लेता है। योगी सरकार में टैबलेट का वितरण एक विचार का उद्घोष है कि सशक्तीकरण कृपा नहीं, कर्तव्य है और युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है।

राज्य के विकास को लेकर योगी आदित्यनाथ की सोच और शासन-शैली पूरी तरह स्पष्ट है। इसके केंद्र में यह भावना र दिखती है कि विकास तब तक अधूरा है, जब तक अंत्योदय का सिद्धांत पूरा न हो। अर्थात लाभ क्ति के अंतिम व्यक्ति तक अवश्य पहुंचे। उनके लिए तकनीक कोई चमकदार शब्द नहीं, साधन है, ऐसा साधन जो गरीब और संपन्न के बेटे के बीच की खाई को पाट सके।
इसी कड़ी में यह भी निहित है कि आज के दौर में तकनीकी दक्षता ही युवा शक्ति को आत्मनिर्भर बना सकती है,। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना इसी विश्वास का ठोस रूप है। सरकार युवाओं को सहानुभूति की नहीं, संभावनाओं की नजर से देखती है और उन्हें भविष्य का निर्माता मानती है।

पर इस योजना की असली आत्मा इसके भीतर समाए ज्ञान में है। छात्रों को दिए जा रहे टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसमें योग जैसी भारतीय परंपरा से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीप टेक जैसे अत्याधुनिक विषय तक शामिल हैं। इसके निहितार्थ गहरे हैं। जो ज्ञान कल तक महंगी कोचिंग, बड़े शहरों के संस्थानों और संपन्न परिवारों की पहुंच तक सीमित था, वह अब सुदूर कस्बे के विद्यार्थी की हथेली पर है।
हरदोई या सीतापुर का कोई छात्र उसी स्तर की सामग्री पढ़ सकता है जो महानगर के विद्यार्थी को मिलती है। यह शिक्षा के लोकतंत्रीकरण की ठोस शुरुआत है। साथ ही यह सरकार और अग्रणी तकनीकी उद्योग के सहयोग का भी उदाहरण है, जहां सार्वजनिक संकल्प और निजी विशेषज्ञता मिलकर युवा के काम आती है।

इन पाठ्यक्रमों में प्राचीन और आधुनिक के संगम का उल्लेख भी समीचीन है। योग भारत की सांस्कृतिक धरोहर है, जबकि एआई भविष्य की भाषा है। एक ही उपकरण में दोनों का होना उस दृष्टि को दर्शाता है जिसमें जड़ें अपनी मिट्टी में हों और शाखाएं आसमान में। यह संदेश है कि आधुनिक बनने के लिए अपनी पहचान छोड़नी नहीं पड़ती।
साथ ही, टैबलेट के जरिए युवाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी। यह बात बड़ा अंतर पैदा कर सकती है। प्रायः योजनाओं का लाभ इसलिए अधूरा रह जाता है कि जरूरतमंद तक उनकी सूचना ही नहीं पहुंचती। जब छात्रवृत्ति, कौशल प्रशिक्षण या रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी सीधे युवा के हाथ में हो, तो उसकी राह सहज हो जाती है।

इस विचार की ठोस कसौटी भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) लखनऊ के आकलन में है। मार्च 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में लगभग 60 लाख स्मार्ट डिवाइस बांटे जा चुके हैं, जिनमें 37.19 लाख स्मार्टफोन और 22.61 लाख टैबलेट हैं। यहीं से वह तथ्य निकलता है जो इस पूरी पहल का मर्म है। एक उपकरण का उपयोग अकेला विद्यार्थी नहीं करता, परिवार के औसतन पांच सदस्य उसका लाभ लेते हैं।

अध्ययन में इसी आधार पर संभावित पारिवारिक प्रभाव करीब तीन करोड़ लोगों तक आंका गया है। अब इसे 18 हजार पाठ्यक्रमों के साथ जोड़कर देखिए। एक टैबलेट में आई सामग्री केवल एक छात्र की डिग्री नहीं सुधारती। बड़ा भाई सीख सकता है, मां डिजिटल साक्षरता पा सकती है, पिता अपने रोजगार या खेती से जुड़ी जानकारी खोज सकते हैं। यानी निवेश एक का, लाभ पांच का। यही वह गुणक प्रभाव है जो इस योजना को पारिवारिक सशक्तीकरण का माध्यम बनाता है।

अध्ययन के अन्य निष्कर्ष भी महत्वपूर्ण हैं। बड़ी संख्या में लाभार्थी ऐसे परिवारों से हैं, जिनकी वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम है। सर्वेक्षण में शामिल 4,414 परिवारों में से 2,019, यानी 45.7 प्रतिशत, के लिए यह उनका पहला स्मार्ट डिजिटल उपकरण था। जिन घरों में कोई डिजिटल साधन नहीं था, वहां 18 हजार पाठ्यक्रमों की निशुल्क सामग्री का मिलना किसी पुस्तकालय के अचानक घर आ जाने जैसा है। अध्ययन का निष्कर्ष भी यही है और अंत्योदय की भावना भी यही है, कि लाभ वहां पहुंचता है जहां कमी सबसे ज्यादा थी।

टैबलेट को प्राथमिकता देने का औचित्य भी इसी सामग्री से जुड़ता है। अध्ययन में टैबलेट पाने वाले विद्यार्थियों ने सीखने की क्षमता, करियर संबंधी आकांक्षाओं, सशक्तीकरण और नेतृत्व क्षमता जैसे मानकों पर बेहतर प्रदर्शन किया, और आठ मानकों पर उनके नतीजे सांख्यिकीय रूप से उल्लेखनीय रूप से बेहतर रहे। बड़ी स्क्रीन पर पाठ्यक्रम, आरेख और शोध-सामग्री पढ़ना सहज होता है, इसलिए एआई और डीप टेक जैसे विषयों के लिए टैबलेट स्वाभाविक साधन है। इन पाठ्यक्रमों की सार्थकता भी इसी में है कि वे उस पीढ़ी तक पहुंचें जो चिकित्सा, नर्सिंग, कृषि, आईटीआई और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में अपना भविष्य गढ़ रही है।

इस सशक्तीकरण में बेटियों की भूमिका सबसे प्रेरक है। अध्ययन में महिला लाभार्थियों ने शैक्षणिक प्रदर्शन, राजनीतिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता, दक्षता और आत्मनिर्णय जैसे मानकों पर पुरुष लाभार्थियों से बेहतर परिणाम दर्ज किए। सोचने की बात है कि जब किसी बेटी के हाथ में एआई और डीप टेक की निशुल्क शिक्षा हो, तो उसके सपनों की सीमा कौन तय करेगा। आत्मनिर्णय की यह क्षमता किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। साथ ही 43.5 प्रतिशत से अधिक लाभार्थियों का हर माह पांच जीबी से ज्यादा डेटा इस्तेमाल करना बताता है कि यह उपकरण अलमारी की शोभा नहीं, रोजमर्रा के उपयोग में है और परिवार के अन्य सदस्य भी इससे ई-गवर्नेंस, डिजिटल भुगतान और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले रहे हैं।

इन सबके पीछे स्वामी विवेकानंद की प्रेरणा झलकती है, जिन्होंने युवाओं से उठने, जागने और लक्ष्य पाने तक न रुकने का आह्वान किया था। आज उठने का अर्थ है अपनी क्षमता को पहचानना, और जागने का अर्थ है ज्ञान की उस विराट दुनिया को देखना जो अब एक स्क्रीन पर उपलब्ध है। योगी आदित्यनाथ की सोच इसी आह्वान को शासन की भाषा में अनुवाद करती है। वह मानती है कि सही साधन और सही ज्ञान मिले तो युवा केवल अपना नहीं, प्रदेश का भाग्य बदल सकते हैं।

लेखक चीफ टेक्निकल आफिसर (cto) सार्ट, स्ट्रिंग साल्यूशन, लखनऊ हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।