विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों पर FSDA का बड़ा एक्शन: यूपी के 38 जिलों में छापेमारी, 15 लाख की 7660 किलो मिलावटी-दूषित मिठाइयां कीं नष्ट

Published: Fri, 30 Oct 2026 01:52 AM (IST)

त्योहारों से पहले एफएसडीए ने 38 जिलों में 260 मिठाई की दुकानों पर छापे मारे, जहां गंदगी, खुले में खाद्य पदार्थ और चूहों की मौजूदगी जैसी गंभीर खामियां मिलीं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. 38 जिलों में 260 मिठाई दुकानों पर एफएसडीए के छापे

  2. गंदगी, चूहे और खुले में रखे खाद्य पदार्थ मिले

  3. 7,660 किलो खाद्य नष्ट, 15 लाइसेंस निलंबित की संस्तुति

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। त्योहार पर मिठाई की दुकानों की जांच के दौरान कहीं खाद्य पदार्थ गंदगी में रखे मिले तो कहीं खुले में। कुछ प्रतिष्ठानों पर काकरोच और चूहे भी पाए गए। निर्माण स्थलों पर गंदगी, असुरक्षित भंडारण और कीट नियंत्रण की उचित व्यवस्था का अभाव मिला।

गुरुवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने 38 जिलों के 260 प्रतिष्ठानों की जांच कर 303 नमूने लिए। इस दौरान 7,660 किलो खाद्य पदार्थ नष्ट किए गए, जिसकी कीमत 15.40 लाख थी। खामियां मिलने पर 15 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई।

हाथरस में बिना लाइसेंस चल रही शंकर मिठाई की दुकान बंद करा दी गई। रायबरेली की सागर जी परफेक्ट दुकान में मिठाइयां अंधेरे और गंदगी वाले स्थान पर रखी मिलीं। न्यू नरेश मिठाई की दुकान एवं रेस्टोरेंट में तैयार खाद्य पदार्थ खुले में रखे थे। यहां कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और कीट नियंत्रण से जुड़े अभिलेख भी नहीं मिले।

कानपुर देहात के पंचवटी मिठाई और बदनाम गुजिया प्रतिष्ठान में सफाई की कमी के साथ जरूरी अभिलेखों का अभाव मिला। औरैया की इंद्रवर मिठाई की दुकान में रखे खाद्य पदार्थों पर चूहे दौड़ते पाए गए। शिवाजी मिठाई की दुकान में मिठाइयां अखबार पर रखी मिलीं। यहां तलने के लिए तेल का बार-बार इस्तेमाल किया जा रहा था। इन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति की गई।

अमरोहा के शाहबाजपुर रोड स्थित अनीश पनीर निर्माणशाला में स्टार्च मिला। यहां अनुज्ञप्ति निलंबित करने की संस्तुति की गई। सीतापुर के राजस्थानी मिठाई की दुकान एवं रेस्टोरेंट में चूहे पाए गए और खाद्य पदार्थों का भंडारण असुरक्षित मिला। शामली के संगल मिठाई प्रतिष्ठान में खाद्य सामग्री फर्श पर रखी मिली।

यह भी पढ़ें- हर्बोकेम ग्रुप समेत बाराबंकी के कई मेंथा कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर जांच पूरी, करोड़ों की टैक्स चोरी के संकेत

सीतापुर के सांवरिया मिठाई प्रतिष्ठान को लाइसेंस या पंजीकरण मिलने तक निर्माणशाला बंद रखने के निर्देश दिए गए। झांसी के भोले दूध एवं मिष्ठान भंडार, अंबेडकरनगर के मधुबन मिठाई प्रतिष्ठान और अलीगढ़ के श्रीराधे मिठाई प्रतिष्ठान में भी स्वच्छता, भंडारण और पंजीकरण संबंधी खामियां मिलीं। फिरोजाबाद के ढोकला हाउस में साफ-सफाई की कमी मिलने पर पंजीकरण निलंबित करने की संस्तुति की गई।