विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत से दुर्लभ पक्षियों की तस्करी, UP STF ने मुंबई के फिरोज मसर्रत खान को लखनऊ से किया गिरफ्तार

Published: Sat, 31 Oct 2026 03:43 PM (IST)

UP STF: सात फाल्कन के अलावा एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ। कार्रवाई में वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, लखनऊ की टीम भी शामिल रही।

HighLights

  1. एसटीएफ ने सात दुर्लभ बाज (फाल्कन) को किया बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत दो से तीन करोड़ रुपये

  2. गोरखपुर, लखीमपुर और सीतापुर के जंगलों से पकड़कर मुंबई के रास्ते खाड़ी देशों में होती थी सप्लाई

  3. दुबई, सऊदी अरब और बहरीन तक फैला था वन्यजीव तस्करी का नेटवर्क

  4. एसटीएफ और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने दुर्लभ और संरक्षित वन्यजीवों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने उसके कब्जे से प्रतिबंधित श्रेणी के सात फाल्कन (बाज) को बरामद किया है। एसटीएफ को 30 अक्टूबर को लखनऊ में तस्कर के आने की सूचना मिली थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करीब दो से तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपित मुंबई का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह उत्तर प्रदेश के जंगलों से संरक्षित पक्षियों को पकड़कर मुंबई के रास्ते दुबई, सऊदी अरब और बहरीन तक उनकी तस्करी करता था।

पक्षियों की मुंबई के रास्ते दुबई, सऊदी अरब और बहरीन तक सप्लाई होती थी। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई स्थानीय पुलिस करेगी।

एसटीएफ ने शुक्रवार को लखनऊ के मदेयगंज थाना क्षेत्र के इरादतनगर मोहल्ले में एक मकान से आरोपित फिरोज गुरार्रत खान को गिरफ्तार किया। उसके पास से सात फाल्कन के अलावा एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ। कार्रवाई में वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, लखनऊ की टीम भी शामिल रही।

एसटीएफ के अनुसार, संरक्षित वन्यजीवों की तस्करी करने वाले गिरोह की सक्रियता की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम अभिसूचना संकलन कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मुंबई निवासी तस्कर प्रतिबंधित प्रजाति के पक्षियों के साथ लखनऊ आने वाला है। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि गिरोह के सदस्य गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के जंगलों से संरक्षित पक्षियों को पकड़ते हैं। इसके बाद मुंबई के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजार में उनकी आपूर्ति की जाती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत दो से तीन करोड़ रुपये है। एसटीएफ अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।