यूपी के स्कूलों में छात्रों को पीरियड्स स्वच्छता-खानपान की दी जाएगी जानकारी, नियमित हेल्थ एजुकेशन सेशन होंगे
उत्तर प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में किशोरियों को माहवारी के दौरान साफ-सफाई, खानपान और स्वास्थ्य की जानकारी देने के लिए नियमित स्वास्थ्य शिक्षा सत्र चलाए जाएंगे।

इस तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
स्कूलों-कॉलेजों में नियमित माहवारी स्वास्थ्य सत्र आयोजित होंगे।
स्वच्छता, पोषण और एनीमिया से बचाव पर जोर दिया जाएगा।
सेनेटरी पैड की उपलब्धता और सुरक्षित निस्तारण पर सख्ती।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। किशोरियों को माहवारी के दौरान साफ-सफाई, खानपान और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की जानकारी देने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिक्षा सत्र चलाए जाएंगे।
प्रमुख सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वी. हेकाली झिमोमी ने सोमवार को एनेक्सी भवन में राज्य स्तरीय माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति की बैठक यह निर्देश दिए। कहा कि स्कूलों में लड़कियों के सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने की नीति पर सख्ती से पालन किया जाए।
किशोरियों को माहवारी शुरू होने से पहले ही इसकी सही जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि वे इसे लेकर डर और झिझक महसूस न करें। स्कूलों में होने वाले सत्रों में माहवारी चक्र, साफ-सफाई, पौष्टिक खानपान और एनीमिया से बचाव के बारे में बताया जाए।
माहवारी को लेकर समाज में फैली गलत धारणाओं और भ्रांतियों को दूर करने के लिए स्कूलों के साथ समुदायों में भी जागरूकता अभियान चलाया जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव ने नगर विकास और पंचायती राज विभाग को इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ न्यूट्रिशन इंटरनेशनल के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।