योगी सरकार की पहल से युवाओं को मिला नवाचार और उद्यमिता का मंच, यूपी राइज-2026 का हुआ आयोजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी सरकार ने युवाओं को नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए सुल्तानपुर में यूपी राइज-2026 कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें 1400 विद्यार्थियों ने भाग लिया और 'बिल्ड फॉर यूपी' पिच प्रतियोगिता में अपने विचारों को प्रस्तुत कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
-1795536217922_m.webp)
योगी सरकार की पहल से युवाओं को नवाचार और उद्यमिता का मंच मिला।
HighLights
यूपी राइज 2026 ने युवाओं को नवाचार, उद्यमिता से जोड़ा।
सुल्तानपुर में 1400 छात्रों ने पिच प्रतियोगिता में भाग लिया।
विशेषज्ञों ने तकनीकी नवाचार और स्टार्टअप पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
डिजिटल टीम, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को नवाचार, उद्यमिता और तकनीकी कौशल से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश सरकार की कैंपस इनोवेशन और करियर पहल यूपी राइज-2026 का आयोजन 23 नवंबर को सुल्तानपुर स्थित केएनआईपीएसएस इंजीनियरिंग कॉलेज में किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने और अपने नवाचार आधारित विचारों को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
1,400 विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण
करीब पांच हजार विद्यार्थियों वाले कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। आयोजन में 1,400 विद्यार्थियों ने ऑन-ग्राउंड पंजीकरण कराया। कार्यक्रम के तहत कैंपस में मेंटरशिप लाउंज, स्पिन द व्हील, विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और फोटो वॉल जैसे आकर्षण केंद्र बनाए गए। वहीं, मुख्य कार्यक्रम कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ।
विशेषज्ञों ने स्टार्टअप और तकनीकी नवाचार के गुर सिखाए
यूपी राइज-2026 के प्रमुख आकर्षण 'बिल्ड फॉर यूपी' पिच प्रतियोगिता में 15 छात्र टीमों ने स्थानीय समस्याओं पर आधारित अपने समाधान और नवाचार प्रस्तुत किए। विशेषज्ञ मेंटरों के पैनल ने विद्यार्थियों के आइडिया का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में एंबुलेंस संचालन और समन्वय को अधिक तेज और प्रभावी बनाने से जुड़े समाधान के लिए टीम 'एंबुलेंस संचालक' को विजेता घोषित किया गया। टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला, जबकि टीम 'उदय अल' को उपविजेता घोषित करते हुए 10 हजार रुपये प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में तकनीक, बिजनेस रणनीति और उद्यमिता के क्षेत्र के अनुभवी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। मेंटर पैनल में लता साधवानी, हर्षित देसाई और सौदामिनी सिंह शामिल रहे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को तकनीकी नवाचार, स्टार्टअप, डिजिटल प्लेटफॉर्म और व्यावसायिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
युवाओं को नवाचार और उद्यमिता का मंच
आयोजन को सफल बनाने में कैंपस एंबेसडर विकास मिश्रा, श्वेता और सुमित ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम को डिजिटल माध्यमों पर एक लाख से अधिक लोगों तक पहुंच मिली, जबकि ऑफलाइन पहुंच 12 हजार से अधिक दर्ज की गई। योगी सरकार की युवा-केंद्रित पहल यूपी राइज 2026 प्रदेश के विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक समाधान और उद्यमिता के अवसरों में बदलने का मंच प्रदान कर रही है। सुल्तानपुर का यह आयोजन प्रदेश में नवाचार, कौशल विकास और युवाओं की उद्यमशील प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।