आगरा-वाराणसी सहित UP के इन 6 जिलों में 2380 करोड़ से बनेंगी कमर्शियल-रेजिडेंशियल यूनिट, 13 प्रोजेक्ट मंजूर
यूपी रेरा ने लखनऊ समेत छह जिलों में 13 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
यूपी रेरा ने 13 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को स्वीकृति दी।
इनमें 2,380.04 करोड़ रुपये का निवेश और 4,724 इकाइयां बनेंगी।
बाराबंकी में सर्वाधिक निवेश, लखनऊ में सबसे अधिक इकाइयां।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। यूपीरेरा ने लखनऊ सहित छह जिलों की 13 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को स्वीकृति दे दी है। इन परियोजनाओं में करीब 2,380.04 करोड़ रुपये का निवेश होगा और इनके जरिए 4,724 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
परियोजनाओं को मंजूरी यूपी रेरा मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्राधिकरण की 212वीं और 213वीं बैठकों में दी गई। यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने बताया कि स्वीकृत परियोजनाओं में अनुमानित निवेश के मामले में बाराबंकी सबसे आगे रहा। जिले में 751.42 करोड़ के अनुमानित निवेश वाली दो आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
1392 आवासीय इकाइयों का होगा निर्माण
इन दोनों परियोजनाओं में कुल 591 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह नई बनने वाली इकाइयों की संख्या में लखनऊ सबसे आगे है। जिले में एक आवासीय परियोजना को मंजूरी मिली है। इसमें करीब 385.76 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है और परियोजना के तहत 1,392 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- वीर अब्दुल हमीद के गांव को सरकार ने दिया तोहफा, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने किया बड़ा एलान
वाराणसी में तीन आवासीय परियोजनाओं में कुल 750.24 करोड़ के निवेश से 1,189 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा। गाजियाबाद में 286.27 करोड़ के निवेश की तीन परियोजनाओं में दो व्यावसायिक व एक आवासीय परियोजना की कुल 864 इकाइयों का निर्माण होगा। गौतमबुद्ध नगर में 186 करोड़ रुपये की लागत वाली एक आवासीय और एक व्यावसायिक परियोजना को मंजूरी दी गई है।

यहां कुल 564 इकाइयों का निर्माण होगा। आगरा में 20.35 करोड़ के निवेश वाली दो आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के माध्यम से 124 इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 100-200 नहीं; 4500 साल पुरानी हैं मांडी में मिलीं 3000 स्वर्ण मुद्राएं, गंगा घाटी सभ्यता के मिले ऐतिहासिक प्रमाण
यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि प्राधिकरण प्रदेश के रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रहा है। परियोजनाओं को समय पर मंजूरी देने के साथ उनकी प्रभावी निगरानी से घर खरीदारों और प्रमोटरों दोनों के लिए बेहतर माहौल तैयार हो रहा है।
