विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीजेपी को चौंकाने की तैयारी में अखिलेश? राज्यसभा चुनाव के तीसरे प्रत्याशी पर बना हुआ है रहस्य

Published: Wed, 30 Sep 2026 03:45 AM (GMT+05:30)

उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के तीसरे प्रत्याशी के नाम पर सस्पेंस बना हुआ है, हालांकि रामगोपाल यादव ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सपा के तीसरे राज्यसभा प्रत्याशी के नाम पर सस्पेंस जारी।

  2. रामगोपाल यादव का नाम लगभग तय, बुधवार को करेंगे नामांकन।

  3. पार्टी भाजपा को चौंकाने वाले नाम की घोषणा की तैयारी में।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी के तीसरे प्रत्याशी के नाम पर पड़ा रहस्य का पर्दा मंगलवार को भी नहीं उठ सका। अब तक केवल रामगोपाल यादव का ही नाम फाइनल बताया जा रहा है। इस बीच पार्टी की तरफ से चार नामांकन पत्र खरीदे जाने के बाद चर्चाएं और तेज हो गईं। इनमें पुराने नामों के साथ भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का भी नाम उछाला गया।

हालांकि सपा ने मामले में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा। पार्टी सूत्रों का दावा है कि किसी ऐसे नाम का एलान हो सकता है, जिससे भाजपा भी चकित हो जाएगी। नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू होने के साथ ही पहले दिन सपा की ओर से चार फार्म लिए गए। वहीं पार्टी ने विधायकों से प्रस्तावक पत्रों पर हस्ताक्षर कराए, परंतु प्रत्याशियों के नाम सामने नहीं आ सके।

सूत्रों का कहना है कि प्रत्याशी के लिए चार नामों को रखा गया है। इनमें पहला नाम प्रो. रामगोपाल यादव का है, जो लगभग फाइनल है और वह बुधवार को नामांकन भी दाखिल कर सकते हैं। इनके बाद आलोक रंजन और तीसरा नाम सलीम इकबाल शेरवानी का है। एक अन्य नाम किसका है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई।

इसको ही लेकर चली चर्चाओं में बृजभूषण शरण सिंह का नाम आया। कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण भाजपा की राजनीति का चर्चित चेहरा हैं। हालांकि, दिल्ली में मौजूद बृजभूषण ने चर्चाओं को केवल कयास बताया। वहीं सपा मुख्यालय में बुधवार को किसान सम्मेलन का आयोजन होना है। ऐसे में इस दौरान भी नाम घोषित होने के कयास भी लग रहे हैं, हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि घोषणा एक-दो दिन बाद होगी।

यह नाम ऐसा हो सकता है, जो सबको चौंकाने के साथ वोटों के गणित को भी साधने में मददगार हो। वर्तमान में सपा के पास दो सीटों के लिए पर्याप्त संख्या मानी जा रही है, जबकि तीसरी सीट के लिए उसे अतिरिक्त समर्थन जुटाना होगा। इसी कारण तीसरे प्रत्याशी को लेकर दिलचस्पी बनी हुई है।

पार्टी मुख्यालय पहुंचे शेरवानी
सूत्रों के मुताबिक चर्चाओं के बीच सलीम इकबाल शेरवानी मंगलवार को पार्टी मुख्यालय पहुंचे। वह करीब एक घंटे वहां मौजूद रहे और इस दौरान उनकी सपा प्रमुख से भी मुलाकात हुई। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि तीन नामों पर चर्चा हुई है, लेकिन हम हारने के लिए चुनाव नहीं लड़ेंगे।

यह भी पढ़ें- 'मामले की गंभीरता को समझें डीएम', राजधानी के 80 गांवों में जल संकट पर हाई कोर्ट सख्त