यूपी के परिषदीय स्कूलों में TLM बनाने के लिए मिले 56.37 करोड़ रुपये, विषयवार सामग्री तैयार करने के निर्देश
उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों को शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) बनाने के लिए 56.37 करोड़ रुपये मिलेंगे।

परिषदीय स्कूलों में टीएलएम बनाने के लिए मिले 56.37 करोड़ रुपये।
HighLights
परिषदीय विद्यालयों को टीएलएम निर्माण हेतु 56.37 करोड़ रुपये मिले।
शिक्षक कक्षा 1-5 के लिए विषयवार शिक्षण सामग्री तैयार करेंगे।
कम लागत वाली सामग्री पर जोर, लर्निंग आउटकम से जुड़ाव अनिवार्य।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ाई को अधिक रुचिकर और प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों को शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) तैयार करने के लिए 56.37 करोड़ रुपये मिलेंगे। कक्षा एक से पांच तक की कक्षाओं में शिक्षकों को अपने-अपने विषय और पाठ के अनुसार टीएलएम की पहचान कर उसका निर्माण करना होगा।
इसके लिए विभिन्न रंगों के चार्ट पेपर, कार्डशीट, मानचित्र आदि खरीदे जा सकेंगे। टीएलएम का संबंध सीखने-सिखाने के उद्देश्य और लर्निंग आउटकम से होना चाहिए। बेसिक शिक्षा विभाग ने टीएलएम तैयार करने में कम लागत या बिना लागत वाली सामग्री के इस्तेमाल पर जोर दिया है।
कक्षा में टीएलएम केवल पाठ की शुरुआत या प्रस्तावना तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे पाठ और निर्धारित लर्निंग आउटकम से लगातार जुड़ा होना चाहिए। सभी विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार पर्याप्त सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
रेडीमेड टीएलएम खरीदना अपरिहार्य होने पर भी कम कीमत वाली सामग्री को प्राथमिकता देनी होगी। इस राशि से सामान्य स्टेशनरी जैसे चाक, डस्टर, पेन, पेन स्टैंड, कापी, किताब और परीक्षा की कापियां नहीं खरीदी जा सकेंगी।
यह भी पढ़ें- CSIR-UGC NET में अमेठी के अरिन सिंह को मिली सफलता, कड़ी मेहनत से हासिल की देश में 14वीं रैंक
