UP में अब दिन में नहीं कटेगी लाइट, रात में सिर्फ इतनी देर के लिए होगी कटौती; विभाग ने जारी किया शेड्यूल
उत्तर प्रदेश में बिजली संकट अब दूर होता दिख रहा है, पिछले चार दिनों में 4000 मेगावाट उत्पादन बढ़ने से ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
पिछले चार दिनों में 4000 मेगावाट बिजली उत्पादन में वृद्धि हुई।
अब पूरे प्रदेश में दिन के समय बिजली कटौती नहीं होगी।
त्योहारों के लिए 2400 मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन की योजना।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पिछले कई दिनों से प्रदेश में रात के वक्त व्याप्त बिजली का संकट अब दूर होता दिख रहा है। चार दिनों में लगभग चार हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन बढ़ने से दिन में जहां पूरे प्रदेश को बिजली कटौती से मुक्त रखने का दावा किया जा रहा है वहीं रात में भी आधे घंटे से कम ही कटौती की नौबत आ रही है।
अगले 10 दिनों में लगभग 2400 मेगावाट और उत्पादन बढ़ाकर पावर कारपोरेशन प्रबंधन त्योहारों के दौरान प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी में है। कोयले के गीला होने के साथ ही उसकी उपलब्धता घटने, तापीय परियोजनाओं में तकनीकी दिक्कत और नेपाल आपदा के मद्देनजर पहली सितंबर के बाद से राज्य में खासतौर से रात में बिजली का संकट बरकरार था।
चार हजार मेगावाट बिजली की उपलब्धता बढ़ी
संकट को देखते हुए कारपोरेशन प्रबंधन ने बंद यूनिटों को चालू कराने के लिए जहां एक तापीय परियोजना से दूसरी जगह कोयले को भेजने की व्यवस्था की वहीं तकनीकी दिक्कतों को तेजी से दूर कर 10 से अधिक यूनिटों को चालू कराया। इससे पिछले चार दिनों में लगभग चार हजार मेगावाट बिजली की उपलब्धता बढ़ गई है।
तापीय परियोजना से उपलब्धता बढ़ने, बैंकिंग से 2400 मेगावाट मिलने के साथ ही सोलर पावर के कारण अब सुबह छह से शाम छह बजे तक प्रदेशभर को बिजली कटौती से मुक्त रखा जा रहा है। पावर एक्सचेंज से पर्याप्त बिजली न मिलने से रात में जरूर लगभग आधे घंटे की कटौती हो रही है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ से शुरू होगा कश्मीर का सुहाना सफर: IRCTC के 'जन्नत-ए-कश्मीर' पैकेज में करें श्रीनगर-सोनमर्ग और गुलमर्ग की सैर
अपर मुख्य सचिव ऊर्जा व पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डा. आशीष कुमार गोयल ने बताया कि शुक्रवार को 27 हजार मेगावाट से ज्यादा बिजली की आपूर्ति की गई। गांव को जहां 21.42 घंटे वहीं अन्य को 24 घंटे बिजली आपूर्ति की गई।
यह भी पढ़ें- यूपी में भाजपा के नए जिला प्रभारियों की नियुक्ति, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जारी की लिस्ट
रोजा परियोजना से 300 मेगावाट का उत्पादन सोमवार से शुरू होने की उम्मीद है। इसी तरह मेजा की 660 मेगावाट, हरदुआगंज की 250 मेगावाट, ओबरा की 660-660 मेगावाट की दो यूनिटें भी पहली अक्टूबर तक चालू हो जाएंगी।
