IIT कानपुर कानपुर समेत तीन संस्थानों से तकनीकी साझेदारी करेगी यूपी पुलिस, साइबर सुरक्षा और AI के लिए हुए समझौते
यूपी पुलिस ने साइबर सुरक्षा, डिजिटल पुलिसिंग और तकनीकी आधुनिकीकरण को मजबूत करने के लिए आईआईटी कानपुर, डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन और प्रोटीन ई-गव टेक्नोलॉजीज के साथ तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
यूपी पुलिस ने तीन संस्थानों से तकनीकी साझेदारी की।
साइबर सुरक्षा, डिजिटल पुलिसिंग और एआई पर जोर दिया जाएगा।
आईआईटी कानपुर साइबर फोरेंसिक और एआई में सहयोग करेगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। यूपी पुलिस साइबर सुरक्षा, डिजिटल पुलिसिंग और तकनीकी आधुनिकीकरण को मजबूत करने के लिए आईआईटी कानपुर समेत तीन संस्थानों के साथ साझेदारी करेगी। गुरुवार को आईआईटी कानपुर, डिजिटल इंडिया कारपोरेशन और प्रोटीन ई-गव टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के साथ तीन समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। पुलिस की तकनीकी क्षमताओं को विकसित करने के लिए इन पहल को डीजीपी राजीव कृष्ण की 10 प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।
आईआईटी कानपुर के साथ साझेदारी में साइबर सुरक्षा, साइबर फोरेंसिक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) और नई तकनीकों पर शोध व विकास किया जाएगा। पुलिस के डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा जांचने, साइबर खतरों की पहचान और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के लिए आधुनिक तकनीक विकसित करने में भी सहयोग मिलेगा।
डिजिटल इंडिया कारपोरेशन के साथ समझौते के तहत पुलिस सेवाओं और आंतरिक कार्यप्रणाली का डिजिटलीकरण, डिजिटल प्लेटफार्मों का विकास तथा सरकारी प्रणालियों का एकीकरण किया जाएगा।
वहीं प्रोटीन ई-गव टेक्नोलॉजीज के सहयोग से डेटा प्रबंधन, सुरक्षित सूचनाओं के आदान-प्रदान, डिजिटल पहचान और प्रमाणीकरण की व्यवस्था मजबूत की जाएगी। तीनों समझौतों पर एडीजी तकनीकी सेवाएं भगवान स्वरूप ने हस्ताक्षर किए। डीआइजी तकनीकी सेवाएं आशीष तिवारी इनके क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।