परिषदीय शिक्षकों के तबादले को लेकर आया बड़ा अपडेट, 6000 आवेदकों के म्युचुअल ट्रांसफर और स्पेशल लिस्ट पर भी लगा ब्रेक
परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के तबादले का इंतजार लंबा होता जा रहा है, बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी तरह के स्थानांतरणों पर रोक लगा रखी है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
परिषदीय शिक्षकों के तबादलों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
विशेष परिस्थितियों में आवेदन करने वाले 6000 शिक्षक प्रभावित हुए।
म्युचुअल ट्रांसफर और शिक्षामित्रों के तबादले भी अभी रुके हैं।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के तबादले का इंतजार लंबा होता जा रहा है। बेसिक शिक्षा परिषद ने फिलहाल सभी तरह के तबादलों पर रोक लगा रखी है। जून में विशेष परिस्थितियों में स्थानांतरण के लिए आवेदन करने वाले करीब छह हजार शिक्षकों की सूची भी अब तक जारी नहीं हो सकी है। इनमें दिव्यांग, शिक्षक दंपती और असाध्य रोग से पीड़ित शिक्षक शामिल हैं।
तबादला प्रक्रिया आगे न बढ़ने से कई शिक्षक परिवार से दूर जिलों में तैनाती के कारण परेशान हैं।
शिक्षकों का कहना है कि तबादला होने से उन्हें परिवार के करीब रहने का अवसर मिलेगा और आने-जाने की परेशानी भी कम होगी। शासन की नीति के अनुसार शिक्षकों का स्थानांतरण विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात को ध्यान में रखकर किया जाना है।
शिक्षकों में नाराजगी
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष निर्भय सिंह का कहना है कि म्युचुअल ट्रांसफर में दो शिक्षक आपसी सहमति से एक-दूसरे के जिले में जाते हैं। इससे विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या पर भी कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ता। इसके बावजूद प्रक्रिया शुरू नहीं होने से शिक्षकों में नाराजगी है।
यह भी पढ़ें- यूपी के सभी सरकारी कर्मचारियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश
ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश में भी तबादले नहीं होने से शिक्षकों को राहत नहीं मिल सकी। वहीं, शिक्षामित्रों के स्थानांतरण की प्रक्रिया भी अभी शुरू नहीं हुई है।
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि हाई कोर्ट में सौरभ सिंह केस की वजह से तबादला सूची जारी नहीं हो पा रही है। फिलहाल म्युचुअल ट्रांसफर को लेकर भी अभी कोई आदेश नहीं है।
