विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP Nikay Chunav: जानिए कौन हैं सुषमा खरकवाल, जिन्हें BJP ने लखनऊ से बनाया मेयर प्रत्याशी का उम्मीदवार

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Pandey
Published: Mon, 17 Apr 2023 10:31 AM (IST)

UP Nikay Chunav भाजपा ने पहले चरण चुनाव के मेयर प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। जिसमें लखनऊ से ...और पढ़ें

UP Nikay Chunav: जानिए कौन हैं सुषमा खरकवाल
UP Nikay Chunav: जानिए कौन हैं सुषमा खरकवाल

जागरण संवाददाता, लखनऊ: भाजपा ने पहले चरण चुनाव के मेयर प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। जिसमें लखनऊ से सुषमा खरकवाल को टिकट दिया गया है। तमाम बड़े नामों के बीच भाजपा ने अपनी पुरानी कार्यकर्ता को सम्मान देने का काम किया। सुषमा खर्कवाल का नाम दो दिन पहले से ही चर्चा में आया था और रविवार को जारी सूची में भाजपा ने उन्हें महापौर का उम्मीदवार बनाया है।

पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष

पूर्व सैनिक की पत्नी 59 वर्षीय सुषमा भाजपा से तीस साल से जुड़ी हैं और वर्तमान समय भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य भी हैं। इससे पहले वह अवध क्षेत्र महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। गढ़वाल विश्वविद्यालय से स्नातक सुषमा सैनिक कल्याण बोर्ड, खाद्य एवं रसद सलाहकार बोर्ड, भारत संचार निगम, रेल उपयोगकर्ता परामर्शदाती समिति की सदस्य भी रही हैं।

भाजपा ने खेला ब्राह्मण कार्ड

सुषमा को टिकट देकर भाजपा ने भी ब्राह्मण कार्ड खेला है। इसके अलावा लखनऊ में तीन लाख पर्वतीय समाज के लोग भी रहते हैं। ऐसे में भाजपा ब्राह्मण मतों के साथ पर्वतीय समाज के भी वोट बटोरेंगी। इससे पहले सपा ने वंदना मिश्रा को मैदान में उतारा था। भाजपा ने उम्मीदवार घोषित कर यह भी बता दिया है कि कार्यकर्ताओं को पहले सम्मान मिलेगा।

अर्पणा बिष्ट के नाम पर चल रहा था मंथन

निवर्तमान महापौर संयुक्ता भाटिया भी दावेदारों में थीं, लेकिन पार्टी की नीतियों में उनकी उम्र बाधा बन रही थी, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की बहू अर्पणा बिष्ट यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अखिलेश दास की पत्नी अलका दास समेत अन्य का नाम भी जोरों से चल रहा था।

नागरिक समस्याओं को लेकर उग्र आंदोलन

भाजपा उम्मीदवार सुषमा का कहना है कि मैं पहले नागरिक समस्याओं को लेकर आंदोलन भी कर चुकी हूं और शहर से भलीभांति परिचित भी हूं। अगर जनता ने चुना तो शहर को सुनियोजित विकास देने का काम करूंगी। सुषमा के पति प्रेम खर्कवाल पूर्व सैनिक है और वह वृंदावन कालोनी सेक्टर -8 में रहती है।