उत्तर प्रदेश में NHM संविदा कर्मचारियों को बड़ी राहत, 20 साल बाद योगी सरकार ने बनाई तबादला नीति
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) में पहली बार संविदा कर्मचारियों के लिए 20 साल बाद स्थानांतरण नीति लागू की गई है। ...और पढ़ें

HighLights
NHM संविदा कर्मचारियों के लिए 20 साल बाद तबादला नीति।
85 हजार संविदाकर्मी अंतरजनपदीय तबादले के लिए आवेदन कर सकेंगे।
मानव संपदा पोर्टल पर 3 से 14 अक्टूबर तक आवेदन।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में पहली बार संविदाकर्मियों के लिए स्थानांतरण नीति लागू की गई है। इसके तहत तीन साल की सेवा पूरी कर चुके 85 हजार संविदाकर्मियों का अंतरजनपदीय तबादला हो सकेगा। इसके लिए तीन से 14 अक्टूबर तक मानव संपदा पोर्टल पर आवेदन लिए जाएंगे। तबादला रिक्त और पारस्परिक पदों के सापेक्ष किया जाएगा।
वर्ष 2005 में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) की शुरुआत हुई थी। बाद में एनआरएचएम और राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (एनयूएचएम) को मिलाकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) बनाया गया। इसके बाद से संविदाकर्मी स्थानांतरण नीति की मांग कर रहे थे। करीब दो दशक बाद एनएचएम की निदेशक डा. पिंकी जोवल ने नीति जारी की है।
म्यूचुअल तबादले के आवेदन को भी प्राथमिकता
नीति के अनुसार, तीन साल की सेवा अवधि में 180 दिन या इससे अधिक अवैतनिक अवकाश लेने वाले कर्मचारी तबादले के लिए पात्र नहीं होंगे।
दिव्यांगता, गंभीर बीमारी, आकांक्षी जिले या ब्लाक में तैनाती, विधवा या तलाकशुदा महिला कर्मचारी के नाबालिग बच्चे, आश्रित माता-पिता या ससुराल पक्ष के सदस्य की गंभीर बीमारी तथा सरकारी सेवा, एनएचएम या केंद्रीय सशस्त्र बलों में कार्यरत पति-पत्नी से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी। म्यूचुअल तबादले के आवेदन भी प्राथमिकता में होंगे।
संविदाकर्मियों के अधिकतम 10 प्रतिशत का ही पद-स्थापन किया जाएगा। आवेदक तीन जिलों का विकल्प दे सकेंगे, जिसमें कम से कम एक जिले का चयन अनिवार्य होगा। संबंधित जिले के सीएमओ पात्रता की जांच कर संस्तुति करेंगे।
बीएएम और बीसीपीएम भी ले सकेंगे तबादला
जिला और ब्लाक स्तर की कार्यक्रम प्रबंधन इकाइयों में तैनात डीपीएम (जिला कार्यक्रम प्रबंधक), डीसीपीएम (जिला कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर), डीएएम (जिला लेखा प्रबंधक), बीपीएम (ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक), बीसीपीएम (ब्लाक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर) और बीएएम में एक जिले में पांच वर्ष से अधिक समय पूरा कर चुके कर्मियों का दूसरे जिले में स्थानांतरण किया जाएगा।
संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि संगठन लंबे समय से तबादला नीति की मांग कर रहा था। उनके अनुसार, इससे गृह नगर से कई सौ किलोमीटर दूर तैनात संविदाकर्मियों को लाभ मिलेगा।
