एनएचएम घोटाले के आरोपित पूर्व विधायक के भाई के ठिकानों पर छापा, 28 करोड़ की संपत्ति मिली
सतर्कता अधिष्ठान ने पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव के भाई अजय श्रीवास्तव के ठिकानों पर छापा मारा, जिसमें 28 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ।

HighLights
अजय श्रीवास्तव के ठिकानों पर सतर्कता अधिष्ठान का छापा।
28 करोड़ से अधिक की आय से अधिक संपत्ति मिली।
गोंडा का घर सील, लखनऊ के होटल पर भी कार्रवाई।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने एनएचएम (पहले एनआरएचएम) घोटाले के आरोपित पूर्व विधायक मुकेश कुमार श्रीवास्तव के भाई एवं स्वास्थ्य विभाग में लिपिक रहे अजय कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में मंगलवार को लखनऊ के आलीशान मिलेनिया रिजेंसी, गोंडा के घर समेत तीन ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें उनकी संपत्तियों की कीमत 28 करोड़ से अधिक होने का खुलासा हुआ है, जो आय के ज्ञात स्रोतों से 763.65 प्रतिशत है।
गोंडा का मकान सील कर दिया गया है जबकि अन्य संपत्तियों में छेड़छाड़ नहीं करने की हिदायत के साथ सुपुर्दगी में दी गयी है। आरोपित अजय श्रीवास्तव के दिल्ली में इलाज कराने की जानकारी के बाद टीमे वहां भेजी गयी हैं।
पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव के भाई अजय श्रीवास्तव के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मुकदमा सतर्कता अधिष्ठान में दर्ज था। इसका खुली जांच में आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
जिस पर महानिरीक्षक सतर्कता अधिष्ठान मंजिल सैनी की निगरानी में अयोध्या यूनिट के अधिकारियों ने मंगलवार को गोंडा के जानकीनगर स्थित आवास, लखनऊ के गनेशपुर-रहमानपुर में मिलेनिया रिजेंसी होटल तथा इंदिरानगर के पटेलनगर सेक्टर-8 स्थित मकान में सर्च अभियान चलाया।
गोंडा के घर में किसी के मौजूद न होने पर उसे सील कर दिया गया। सर्च के दौरान अजय कुमार श्रीवास्तव और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के नाम से बड़ी मात्रा में चल-अचल संपत्ति में निवेश से संबंधित दस्तावेज मिले।
जांच अधिकारियों को गोंडा में 0.692 हेक्टेयर भूमि, लखनऊ के गनेशपुर-रहमानपुर में कई भूखंड तथा इंदिरानगर के इस्माइलगंज वार्ड में भूमि मिली है। इसके अलावा बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती में कृषि भूमि सामने आई है। इन अचल संपत्तियों का मूल्य करीब तीन करोड़ रुपये बताया गया है।
सर्च के दौरान छह मंजिला मिलेनिया रिजेंसी होटल में 108 कमरों की साज-सज्जा और पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाने के साक्ष्य मिले। होटल के निर्माण की अनुमानित लागत करीब 15 करोड़ रुपये बताई गई है। पटेलनगर स्थित तीन मंजिला आवास, जो आरोपित और उसके भाई की पत्नियों के नाम संयुक्त बताया गया है, में साज-सज्जा व अन्य सामान पर करीब 70 लाख रुपये तथा निर्माण में करीब दो करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी मिली।
इसके अतिरिक्त करीब 50 लाख रुपये के अन्य निवेश संबंधी दस्तावेज भी मिले। इंदिरानगर के आर-331 में निर्माणाधीन करीब 4000 वर्ग फुट क्षेत्रफल की तीन मंजिला इमारत आरोपित की पत्नी और भाई की पत्नी के नाम पाई गई, जिसका अनुमानित मूल्य करीब 80 लाख रुपये है।
गोंडा स्थित आरोपित के घर पर परिवार के किसी सदस्य की मौजूदगी नहीं मिलने पर उसे सील करने की कार्रवाई की गई। घर के निर्माण की अनुमानित लागत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। तलाशी में सामने आई चल-अचल संपत्ति और निवेश को मिलाकर आरोपित की कुल संपत्ति 28 करोड़ रुपये पाई गई है। परिवार के नाम से संचालित विभिन्न कंपनियों के संबंध में भी जानकारी मिली है, जिसकी अलग से जांच की जा रही है।
