सस्ती बिजली का महाप्लान: यूपी-एमपी आए साथ, 10 हजार करोड़ के निवेश संग बदलेंगे नियम
उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश ने मौसमी बिजली की मांग पूरी करने के लिए 2000 मेगावाट बिजली खरीदने हेतु एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे दोनों राज्यों को रबी और खरीफ सीजन में आवश्यकतानुसार बिजली मिल सकेगी, जिससे उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली उपलब्ध होगी और 10,000 करोड़ का निवेश होगा।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
यूपी-एमपी ने 2000 मेगावाट बिजली खरीद का एमओयू किया।
मौसमी मांग पूरी होगी, उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली मिलेगी।
नवीकरणीय ऊर्जा में 10,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। अगले वर्ष भीषण गर्मी के मौसम में प्रदेशवासियों को देर शाम से रात (पीक आवर्स) में बिजली कटौती से कम ही जूझना पड़ेगा। पावर कारपोरेशन प्रबंधन ने बिजली की मौसमी बढ़ी मांग को पूरा करने के लिए मध्य प्रदेश के साथ मिलकर दो हजार मेगावाट बिजली खरीदने का एमओयू (समझौता ज्ञापन) किया है।
एमओयू के तहत मध्य प्रदेश को जहां अक्टूबर से मार्च तक रबी सीजन के दौरान दिन में यह बिजली उपलब्ध होगी वहीं उत्तर प्रदेश को अप्रैल से सितंबर तक गर्मी के मौसम और खरीफ सीजन में कहीं अधिक बिजली मिल सकेगी। दो हजार मेगावाट बिजली खरीदने से नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है।
दरअसल, मध्य प्रदेश में कृषि क्षेत्र के लिए अक्टूबर से मार्च तक रबी सीजन में बिजली की कहीं अधिक मांग रहती है जबकि उत्तर प्रदेश में अप्रैल से सितंबर तक खरीफ एवं गर्मी के महीनों में मांग का दबाव अधिक होता है। ऐसे में पहली बार दोनों राज्यों ने विद्युत क्षेत्र में आपसी सहयोग के जरिए दो हजार मेगावाट बिजली की संयुक्त खरीद का एमओयू किया है। लगभग पांच वर्ष के लिए फर्म पावर बैंकिंग व्यवस्था विकसित करने पर सहमति बनी है।
शक्ति भवन में प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) एवं पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष आशीष कुमार गोयल, प्रबंध निदेशक नितीश कुमार व निदेशक (कारपोरेट प्लानिंग) दीपक रायजादा के साथ ही मध्य प्रदेश के सचिव विशेष गरपाले की मौजूदगी में मध्य प्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक (गैर-पारंपरिक ऊर्जा) जीएस खनूजा तथा उप्र पावर कारपोरेशन लिमिटेड के मुख्य अभियंता मनीष द्विवेदी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
गोयल ने बताया कि एमओयू से दोनों राज्यों की अलग-अलग समय पर बढ़ने वाली बिजली की मांग का लाभ उठाते हुए उपलब्ध बिजली उत्पादन क्षमता का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सकेगा। इससे संसाधनों का बेहतर उपयोग होने के साथ बिजली खरीद की लागत को कम करने में भी मदद मिलेगी।
एमओयू के तहत दोनों राज्य प्रतिस्पर्धी बिडिंग प्रक्रिया के माध्यम से दो हजार मेगावाट पीक पावर क्षमता की खरीद की प्रक्रिया शुरू करेंगे। प्रस्तावित व्यवस्था से बिजली व एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में लगभग 10,000 करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं बनेंगी जिससे रोजगार के नए अवसरों के सृजन के साथ स्वच्छ ऊर्जा के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- NCR Air Pollution: 'प्रदूषण पर नो टॉलरेंस', CM योगी के कड़े रुख के बाद अधिकारियों ने कसी कमर; बनाया एक्शन प्लान
इस अवसर पर दोनों राज्यों ने मध्यम अवधि की फर्म पावर बैंकिंग व्यवस्था विकसित करने की दिशा में भी आगे बढ़ने पर सहमति व्यक्त की है। इससे एक राज्य में उपलब्ध अतिरिक्त बिजली का दूसरे राज्य की आवश्यकता के समय बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। कारपोरेशन प्रबंधन का मानना है कि इससे पीक आवर्स में पावर एक्सचेंज पर निर्भरता घटेगी।
10 रुपये यूनिट तक की महंगी बिजली नहीं खरीदनी पड़ेगी जिससे दोनों प्रदेश के निवासियों को अपेक्षाकृत सस्ती बिजली उपलब्ध होगी। मध्य प्रदेश की तरह महाराष्ट्र सहित दूसरे राज्यों से भी मिलकर बिजली खरीदने के प्रस्ताव पर भी प्रबंधन गंभीरता से विचार कर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।