विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Weather Today: लखनऊ-बनारस में मानसून सक्रिय, अगले 48 घंटों में तेज हवा और बिजली चमकने का अलर्ट

Published: Fri, 03 Jul 2026 07:15 AM (IST)

UP Monsoon Update: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिससे वाराणसी, लखनऊ और आसपास के इलाकों ...और पढ़ें

यूपी में तेजी से बदल रहा है मौसम। जागरण

यूपी में तेजी से बदल रहा है मौसम। जागरण

HighLights

  1. मानसून सक्रिय, वाराणसी में 6 मिमी बारिश दर्ज।

  2. अगले 48 घंटे तेज हवा, बिजली का येलो अलर्ट।

  3. पूर्वी-पश्चिमी यूपी में झमाझम बारिश की संभावना।

जागरण संवाददाता, वाराणसी/लखनऊ। प्रदेश में मानसून (UP Monsoon Today) के पूरी तरह सक्रिय होने के साथ ही वाराणसी और विशेषकर बीएचयू परिसर और आसपास के इलाकों में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में वाराणसी में छह मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

बुधवार से गुरुवार सुबह के बीच बीएचयू केंद्र ने अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया है, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा, जो सामान्य के बराबर है। हालांकि, हवा में नमी की अत्यधिक मात्रा के कारण उमस का असर साफ देखा जा रहा है। सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 90 प्रतिशत और शाम को 86 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे हवा में भारीपन महसूस हो रहा है।

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती दो दिनों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश के कुछ दौर हो सकते हैं। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं (तेज झोंकों) और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।

तीन और चार जुलाई को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इन दोनों दिन भी बिजली कड़कने का अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। सात जुलाई को फिर से बादलों की आवाजाही बढ़ेगी।

आमतौर पर बादल छाए रहने और बारिश के कुछ स्पेल होने की संभावना है। तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी और यह 35 से 36 डिग्री तक जा सकता है। शुक्रवार और शनिवार को गरज साथ तेज हवाएं चलने के दौरान विशेषकर पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और सुरक्षा बरतें।

यह भी पढ़ें- मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट, यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार

अगले दो दिनों में मानसून के यूपी में तेजी से आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थिति है। अब पूर्वी और पश्चिमी यूपी में झमाझम बारिश का दौर देखने को मिलेगा। तापमान में आठ से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। पूर्वी यूपी के 20 से ज्यादा जिलों में तेज हवा के साथ बारिश ने रफ्तार पकड़ी, जो धीरे-धीरे पूरे राज्य में पहुंच रही है।

सामान्य तौर पर प्रदेश में मानसून का प्रवेश 20 जून तक होता है, लेकिन इस बार करीब 10 दिन की देरी से आया है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को इस बारिश ने बड़ी राहत दी है। मौसम बदलने से अधिकतम तापमान में नौ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।