विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट, यूपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार

Published: Thu, 02 Jul 2026 09:24 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 02 Jul 2026 09:27 PM (GMT+05:30)

प्रयागराज में हल्की बारिश के बाद अब झमाझम वर्षा का इंतजार है, मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह से मानसून ...और पढ़ें

सप्ताह के अंत में झमाझम बारिश का अलर्ट।

सप्ताह के अंत में झमाझम बारिश का अलर्ट।

HighLights

  1. अगले सप्ताह से प्रयागराज में मानसून होगा सक्रिय।

  2. शहर में अच्छी और भारी बारिश की संभावना।

  3. गर्मी व उमस से मिलेगी बड़ी राहत।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मानसून की दस्तक के बाद अब लोगों को उस झमाझम बारिश का इंतजार है, जो गर्मी और उमस दोनों से राहत दिला सके। मंगलवार और बुधवार को हल्की बारिश के बाद गुरुवार को भी दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही और शहर के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई।

हालांकि बारिश का दायरा सीमित रहा, लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह से मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा और प्रयागराज समेत आसपास के क्षेत्रों में अच्छी तथा कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

गुरुवार को मौसम का मिजाज पूरे दिन बदला-बदला रहा। कभी तेज धूप निकली तो कुछ ही देर बाद बादलों ने आसमान को ढक लिया। इस आंख-मिचौली के बीच लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत तो मिली लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से उमस ने काफी परेशान किया।

गुरुवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान का प्रभाव अपेक्षाकृत कम महसूस हुआ। मौसम विज्ञानियों के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि सबसे अधिक सक्रिय मौसम रविवार से देखने को मिल सकता है।

सोमवार तक लगातार घने बादल छाए रहने, कई दौर की बारिश होने तथा कुछ क्षेत्रों में तेज वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके बाद भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने के संकेत हैं।

कुल मिलाकर मानसून अब पूरी रफ्तार पकड़ने की ओर बढ़ रहा है। यदि मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होता है तो अगले सप्ताह शहर झमाझम बारिश से सराबोर होगा।

यह भी पढ़ें- Kal Ka Mausam 03 July: यूपी में मानसून ने दी दस्तक, आपके जिले में कब होगी झमाझम बारिश? IMD ने जारी किया अलर्ट