विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा के श्रीचंद शर्मा-दिनेश गोयल और हरी सिंह फिर बने MLC, 11 सीटों में से तीन के परिणाम घोषित

Published: Wed, 28 Oct 2026 12:46 AM (IST)Updated: Wed, 28 Oct 2026 12:51 AM (IST)

भाजपा ने विधान परिषद शिक्षक और स्नातक निर्वाचन खंड मेरठ की दोनों सीटें और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट जीती हैं, जिसमें ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मेरठ की दोनों MLC सीटें भाजपा ने जीतीं।

  2. बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर भाजपा विजयी।

  3. अन्य 8 सीटों पर मतगणना अभी जारी है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान परिषद शिक्षक और स्नातक निर्वाचन खंड मेरठ के चुनाव में लगातार दूसरी बार दोनों सीटों पर भाजपा ने भारी अंतर के साथ जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि दोनों सीटों पर भाजपा ने वर्तमान एमएलसी को ही चुनाव लड़ाया था। शिक्षक सीट पर श्रीचंद शर्मा ने सपा प्रत्याशी नितिन तोमर को 13,241 वोटों के अंतर से हराया जबकि स्नातक सीट पर दिनेश गोयल ने सपा के प्रमेंद्र भाटी को 12,855 वोटों के अंतर से हराया।

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डा. हरी सिंह ढिल्लो ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्हें 17,676 वोटों के अंतर से विजयी घोषित किया गया। डा. ढिल्लो को कुल 21,672 मत मिले, जबकि सपा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर को 3996 वोट प्राप्त हुए। उधर, अन्य केंद्रों में मतगणना जारी है।

विधान परिषद की शिक्षक व स्नातक कोटे की 11 सीटों पर अंतिम तस्वीर तो बुधवार तक ही साफ होने की उम्मीद है। पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। कुल 152 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है।

मंगलवार सुबह शुरू हुई मतगणना में कहीं भाजपा प्रत्याशियों ने शुरुआती दौर में बढ़त बनाई तो कहीं सपा प्रत्याशियों ने दम दिखाया। हालांकि, मतगणना की धीमी रफ्तार ने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का इंतजार बढ़ा दिया है। लखनऊ से लेकर आगरा और झांसी तक कई केंद्रों पर मतपत्रों की गड्डियां बनाने में ही घंटों लग गए।

तीन हजार से अधिक की बढ़त 

आगरा खंड शिक्षक चुनाव में सपा ने जोरदार बढ़त हासिल कर ली है। सपा प्रत्याशी डा. आकाश अग्रवाल ने पहले राउंड में भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी से 691 वोट से बढ़त बनाई थी। दूसरे चक्र की मतगणना के बाद सपा प्रत्याशी डा. आकाश ने तीन हजार से अधिक की बढ़त बना ली।

अब तक 28 हजार वोटों की गिनती हो चुकी है। पांच हजार वोटों की गिनती होना बाकी है। खंड स्नातक सीट में सपा प्रत्याशी शशांक यादव ने दूसरे चरण में 2255 वोटो से बढ़त बना ली है। सपा प्रत्याशी को 5605 और भाजपा प्रत्याशी डा. मानवेंद्र को 5350 वोट मिले हैं।

लखनऊ खंड शिक्षक की मतगणना के पहले राउंड में भाजपा प्रत्याशी उमेश द्विवेदी आगे रहे। रात नौ बजे पहले राउंड के जारी परिणाम में उन्हें उमेश द्विवेदी को 7189 मत मिले, जबकि दूसरे स्थान पर सपा के सुशील कुमार रहे। सुशील को 3537 मत मिले थे। पहले राउंड के परिणामों के अनुसार सुशील कुमार ही उमेश द्विवेदी के निकटतम प्रतिद्वंदी रहे। वहीं लखनऊ खंड स्नातक की मतगणना देर रात तक शुरू नहीं हो सकी थी।

वाराणसी खंड शिक्षक व स्नातक निर्वाचन सीट के लिए वोटों की गिनती जारी है। शिक्षक एमएलसी के प्रथम वरीयता के वोटों की गिनती में सपा के लाल बिहारी यादव को 10,958 मत मिले जबकि भाजपा के डा. प्रमोद मिश्रा को 6060 मत प्राप्त हुए। सपा प्रत्याशी को 514 वोट और मिल गए होते तो जीत पक्की होती। कुल वैध मतों के पचास प्रतिशत वोट न होने के कारण अब द्वितीय वरीयता के वोटों की गिनती शुरू हो गई है।

यहां भाजपा के बागी प्रत्याशी डा. चेतनारायण सिंह ने पार्टी का खेल बिगाड़ दिया। उन्हें प्रथम वरीयता के 3111 वोट मिले हैं। स्नातक एलएलसी की मतगणना देर रात तक शुरू नहीं हो सकी थी।

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतगणना जारी है। रात आठ बजे के करीब पूरी हुई प्रथम वरीयता के पहले राउंड की गिनती में भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी 110 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं। पहले राउंड के लिए 14,000 मतों की गिनती हुई जिसमें 13,080 मत वैध जबकि 920 मत अवैध मिले। भाजपा के ध्रुव को 3813 मत मिले जबकि राजीव यादव को 3703 वोट।

यह भी पढ़ें- UP MLC Result LIVE: यूपी की 11 सीटों पर आने लगे रुझान, मेरठ में भाजपा की जीत, आगरा में सपा को बढ़त, मतगणना जारी

झांसी-इलाहाबाद खंड स्नातक सीट पर भाजपा के डा. अशोक कुमार राठौर को दूसरे चरण की मतगणना के बाद 5516 मत मिले, जबकि सपा के प्रत्याशी डा. मान सिंह यादव को 5666 मत मिले। पहले चरण में भाजपा से पिछड़ने के बाद सपा दूसरे राउंड में 150 मतों से आगे निकल गई है।