यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP MLC Election 2022 Result: बहराइच में भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा त्रिपाठी जीतीं, सपा की करारी हार
UP MLC Election 2022 Result बहराइच में भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा त्रिपाठी ने सपा प्रत्याशी अमर यादव को हराया। प्रज्ञा त्रिपाठी ...और पढ़ें

बहराइच, जागरण संवाददाता। विधान परिषद सदस्य बहराइच-श्रावस्ती के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा त्रिपाठी ने एकतरफा जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी ने 3188 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। उन्हें 3369 मत मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी अमर यादव मात्र 225 मत प्राप्त कर सके। भाजपा ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और बढ़ती लोकप्रियता को दिया है।
एमएलसी चुनाव के लिए गत नौ अप्रैल को मतदान हुआ था। दोनों जिलों के 20 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए थे। गिनती मंगलवार सुबह आठ बजे से शुरू हुई। केडीसी में सात मेजों पर मतगणना की गई। अनुमान के मुताबिक भाजपा उम्मीदवार ने पहले ही राउंड निर्णायक बढ़त बना ली थी। 1996 में सुभाष त्रिपाठी के एमएलसी जीतने के बाद भाजपा को अब जाकर इस चुनाव में सफलता मिली है।
स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य बहराइच-श्रावस्ती पर लगातार दो बार से समाजवादी पार्टी काबिज थी। पहले कुंवर अरुणवीर सिंह और पिछली बार हाजी इमलाक खां एमएलसी निर्वाचित हुए थे। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र और एसपी केशव चौधरी की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कराई गई। केडीसी के बाहर सैकड़ों की संख्या में भाजपा समर्थकों का जमावड़ा लगा हुआ है। जीत के बाद पार्टी कार्यालय पर जश्न मनाया गया।
जानिए कौन हैं प्रज्ञा त्रिपाठी : नव निर्वाचित विधान परिषद सदस्य भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रज्ञा त्रिपाठी पहली बार चुनाव मैदान में उतरी थीं। उन्होंने जीत का श्रेय जिला संगठन एवं जनप्रतिनिधियों की मेहनत को दिया और कहा कि वह दोनों जिलों के विकास को तत्पर रहेंगी। त्रिपाठी ने खुद पर भरोसा जताने के लिए पार्टी नेतृत्व व कार्यकर्ताओं का आभार जताया। भाजपा जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल ने कहा कि यह जीत कार्यकताओं के मेहनत का प्रतिफल है। भाजपा की केंद्र एवं प्रदेश सरकार के गरीबोन्मुख कार्यक्रम पर जनता की मोहर है।
