यूपी में मिशन शक्ति का छठवां चरण: नवरात्र में छात्राएं बनेंगी एक दिन की डीएम, सीखेंगी प्रशासनिक कामकाज
योगी सरकार शारदीय नवरात्र में 'मिशन शक्ति' के तहत प्रदेश के परिषदीय व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं के लिए नौ दिवसीय अभियान चलाएगी।

HighLights
नौ दिवसीय अभियान में छात्राएं बनेंगी एक दिन की डीएम।
बैंक, थाने का भ्रमण कर सीखेंगी वित्तीय व कानूनी प्रक्रिया।
आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और माहवारी स्वच्छता की मिलेगी जानकारी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। शारदीय नवरात्र में प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आज से नौ दिवसीय अभियान शुरू होगा।
मिशन शक्ति के छठवें चरण के तहत 19 अक्टूबर तक छात्राओं को एक दिन के लिए जिलाधिकारी सहित विभिन्न प्रमुख पदों की जिम्मेदारी देकर प्रशासनिक कामकाज का अनुभव कराया जाएगा। बैंक और थानों का भ्रमण कराने के साथ वित्तीय साक्षरता, आत्मरक्षा, माहवारी स्वच्छता और साइबर सुरक्षा की जानकारी भी दी जाएगी।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को अभियान की कार्ययोजना भेज दी है। अभियान की शुरुआत 11 अक्टूबर को हेल्पलाइन नंबरों और मौलिक अधिकारों की जानकारी देने से होगी। 12 को बाल अधिकारों पर रैली व नुक्कड़ नाटक, 14 को माहवारी प्रबंधन पर मातृ मेला और 15 को बैंक भ्रमण होगा।
16 को सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जाएगी, जबकि 17 को महिला अधिकारियों से संवाद और आत्मरक्षा प्रशिक्षण होगा। 18 को थाने के भ्रमण के साथ एफआईआर, कानूनी प्रक्रिया और साइबर अपराध से बचाव बताया जाएगा। 19 अक्टूबर को जेंडर भेदभाव, पॉक्सो, बाल विवाह और सरकारी योजनाओं पर नुक्कड़ नाटक होंगे। गतिविधियों की दैनिक प्रगति गूगल फार्म से दर्ज होगी और सीएम डैशबोर्ड से निगरानी की जाएगी।
