यूपी में दिसंबर में होगी रसोइयों की पाक कला प्रतियोगिता, जीतने पर मिलेंगे 3500 रुपये
प्रदेश में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत दिसंबर में रसोइयों की पाक कला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रथम विजेता ...और पढ़ें
-1791813903501_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
दिसंबर में मध्यान्ह भोजन रसोइयों की पाक कला प्रतियोगिता।
प्रथम विजेता को 3500 रुपये का नकद पुरस्कार।
रसोइयों का उत्साह बढ़ाने और पौष्टिक भोजन को बढ़ावा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत कार्यरत रसोइयों की पाक कला प्रतियोगिता दिसंबर में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक जिले से 30 रसोइयों का चयन होगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले को 3500 रुपये, दूसरे स्थान पर 2500 और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 1500 रुपये मिलेंगे। इसके अलावा 300 रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। रसोइयों को 15 नवंबर तक आवेदन करना होगा। मथुरा और गौतमबुद्ध नगर को छोड़कर सभी जिलों में प्रतियोगिता होगी।
अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी जिलाधिकारियों को प्रतियोगिता आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं। वर्ष 2019-20 से हर साल यह प्रतियोगिता हो रही है। इसका उद्देश्य रसोइयों का उत्साह बढ़ाना, सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना और पौष्टिक भोजन बनाने की जानकारी परखना है। प्रतियोगिता के लिए कम से कम तीन साल का अनुभव, नियमित भोजन बनाने और योजना के मेन्यू की जानकारी रखने वाले रसोइयों को प्राथमिकता मिलेगी।
अधिक नामांकन और औसत उपस्थिति वाले विद्यालयों के रसोइयों को वरीयता दी जाएगी। पहले प्रतियोगिता में शामिल रसोइयों और एनजीओ में कार्यरत रसोइयों को मौका नहीं मिलेगा। एक विद्यालय से एक रसोइया चुना जाएगा। स्वाद, पोषण, पकाने के तरीके, स्वच्छता और सुरक्षा के लिए 10-10 तथा व्यवहार के लिए पांच अंक निर्धारित हैं।
जिलाधिकारी की मंजूरी से गठित निर्णायक समिति में अधिकारी, गृह विज्ञान के प्रवक्ता, होटल के शेफ, स्वास्थ्य व खाद्य सुरक्षा विभाग के प्रतिनिधि और कक्षा पांच से आठ तक के 10 विद्यार्थी शामिल होंगे। हर जिले में 71,100 रुपये खर्च होंगे। इसमें पुरस्कार के 7500, आवागमन भत्ते के 10,500 और आयोजन के 45,000 रुपये शामिल हैं। शेष 8100 रुपये 27 सांत्वना पुरस्कारों के लिए हैं। प्रत्येक प्रतिभागी को 350 रुपये यात्रा भत्ता मिलेगा।
