मरीज को अब सही अस्पताल तक पहुंचाएगा ई-सारथी पोर्टल, 16 नवंबर को यूपी के सैफई से होगी शुरुआत
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मरीजों को सही अस्पताल तक पहुंचाने और भटकने से रोकने के लिए ई-सारथी पोर्टल लॉन्च किया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
ई-सारथी पोर्टल मरीजों को सही अस्पताल तक पहुंचाएगा।
सैफई से शुरू होकर 11 संस्थान पहले चरण में जुड़ेंगे।
बेड और सुविधाओं की उपलब्धता हर दो घंटे में अपडेट होगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकने से बचाने के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग ने ई-सारथी (डिजिटल रोगी रेफरल प्रणाली) पोर्टल तैयार किया है। सोमवार से उप्र आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई को केंद्र बनाकर इसकी शुरूआत होगी।
इस पोर्टल के जरिए मरीज को उसकी बीमारी, जरूरत, बेड और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के आधार पर रेफर किया जाएगा। पहले चरण में तीन मेडिकल कालेज और आठ जिला व संयुक्त चिकित्सालय इस व्यवस्था से जुड़ेंगे।
ई-सारथी पोर्टल पर संबंधित अस्पतालों को बेड और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता प्रत्येक दो घंटे में अपडेट होगी। इससे मरीज को रेफर से पहले संबंधित अस्पताल में बेड और उपचार सुविधाओं की स्थिति पता चल सकेगी।
इस व्यवस्था से मरीजों को नजदीकी सरकारी मेडिकल कॉलेज या जिला अस्पताल में उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे लखनऊ के बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव घटेगा और दूसरे जिलों के चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग हो सकेगा।
पहले चरण में 11 संस्थान जुड़ेंगे
सैफई विश्वविद्यालय को रेफरल केंद्र बनाया गया है, जिसके साथ राजकीय मेडिकल कालेज कन्नौज और स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय औरैया व फिरोजाबाद को जोड़ा गया है। जिला व संयुक्त चिकित्सालयों में इटावा का जिला महिला चिकित्सालय और डॉ. भीमराव आंबेडकर संयुक्त चिकित्सालय, औरैया जिला संयुक्त चिकित्सालय, कन्नौज के छिबरामऊ व जिला संयुक्त चिकित्सालय, मैनपुरी के जिला पुरुष व महिला चिकित्सालय और फिरोजाबाद के शिकोहाबाद स्थित संयुक्त चिकित्सालय को शामिल किया गया हैं।
सैफई में 24 घंटे सक्रिय कमांड सेंटर रेफरल और मरीज के स्थानांतरण की निगरानी करेगा। किन्हीं कारण बेड उपलब्ध नहीं होने पर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा नेहा शर्मा ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट में सामान्य और आपातकालीन दोनों तरह के मामलों में रेफरल प्रक्रिया की जांच होगी।
सभी सहभागी संस्थानों में नोडल अधिकारी नामित कर कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। रेफरल में लगने वाले समय, बेड की उपलब्धता, एंबुलेंस व्यवस्था और मरीज के सुरक्षित स्थानांतरण का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद व्यवस्था का विस्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- यूपी में कोडीनयुक्त सीरप की आपूर्ति-बिक्री की होगी डिजिटल निगरानी, FSDA ने केंद्र सरकार को भेजे छह सुझाव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।