विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में यामानाशी के सहयोग से यूपी में स्थापित होगा पायलट प्रोजेक्ट, निवेश को मिलेगा बढ़ावा

Published: Sat, 22 Aug 2026 02:00 AM (IST)

यूपी-जापान इंवेस्टमेट मीट-2026 में उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रांत के बीच ग्रीन हाइड्रोजन तकनीकी सहयोग पर महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन हुआ।

ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में यामानाशी के सहयोग से स्थापित होगा पायलट प्रोजेक्ट।

ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में यामानाशी के सहयोग से स्थापित होगा पायलट प्रोजेक्ट।

HighLights

  1. UP-जापान इंवेस्टमेट मीट में ग्रीन हाइड्रोजन पर MOU.

  2. यामानाशी प्रांत के सहयोग से पायलट प्रोजेक्ट स्थापित होगा.

  3. स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन, निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा.

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। यूपी-जापान इंवेस्टमेट मीट-2026 में गुरुवार को ग्रीन हाइड्रोजन तकनीकी, उत्पादन, अनुसंधान और निवेश के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर मंथन हुआ। इस मौके पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और जापान के यामानाशी प्रांत के गवर्नर कोटारो नागासाकी की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश और यामानाशी के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन भविष्य की स्वच्छ ऊर्जा अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। प्रदेश में इसका उत्पादन और उपयोग बढ़ने से ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी।

ग्रीन हाइड्रोजन का उपयोग उद्योगों, भारी वाणिज्यिक वाहनों, उर्वरक उत्पादन तथा अन्य क्षेत्रों में कार्बन उत्सर्जन कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है।

इस मौके पर यामानाशी प्रांत के प्रतिनिधिमंडल ने अत्याधुनिक पावर-टू-गैस तकनीक का प्रस्तुतीकरण किया। इस तकनीक में नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग करते हुए पानी के इलेक्ट्रोलाइसिस से ग्रीन हाइड्रोजन का उत्पादन किया जाता है।

यामानाशी हाइड्रोजन कंपनी तथा कानाडेविया कारपोरेशन के सहयोग से उत्तर प्रदेश में एक उच्च क्षमता वाली पायलट परियोजना स्थापित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।

प्रस्तावित परियोजना की फिजिबिलिटी स्टडी (व्यवहार्यता अध्ययन) फरवरी-2027 तक पूरी करने तथा मार्च-2027 तक व्यावसायिकरण की दिशा में आगे बढ़ने का लक्ष्य है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने प्रति वर्ष एक मिलियन मीट्रिक टन ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है।

जापान के साथ यह सहयोग प्रदेश में ग्रीन हाइड्रोजन इको-सिस्टम के विकास, तकनीकी नवाचार, औद्योगिक निवेश और स्वच्छ ऊर्जा आधारित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव ऊर्जा डा. आशीष कुमार गोयल तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार का 'जापान प्लान', जापानी भाषा में दक्ष युवाओं को विदेश में मिलेगी नौकरी; इन्वेस्टमेंट मीट में बड़ा फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।