यूपी के बूते चल रहा मुंबई का अंडरवर्ल्ड
इण्डोनेशिया में माफिया डॉन छोटा राजन की गिरफ्तारी के बाद उसके उत्तर प्रदेश कनेक्शन की पड़ताल शुरू हो गयी है। सच तो यह है कि छोटा राजन के पहले उसके सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी दाऊद इब्राहिम को भी उत्तर प्रदेश के शूटरों ने ही अंडरवर्ल्ड में जमने में मदद की थी।
लखनऊ। इण्डोनेशिया में माफिया डॉन छोटा राजन की गिरफ्तारी के बाद उसके उत्तर प्रदेश कनेक्शन की पड़ताल शुरू हो गयी है। सच तो यह है कि छोटा राजन के पहले उसके सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी दाऊद इब्राहिम को भी उत्तर प्रदेश के शूटरों ने ही अंडरवर्ल्ड में जमने में मदद की थी। आज भी मुंबई का अंडरवर्ल्ड उत्तर प्रदेश के भरोसे ही चल रहा है।
छोटा राजन को उत्तर प्रदेश की राह दाऊद इब्राहिम ने ही दिखायी। मतभेद होने के बाद भी उत्तर प्रदेश में दोनों का दखल बना रहा। दोनों के लिए आजमगढ़ के लोग बड़े सहयोगी बने। दाऊद के लिए अबू सलेम दायां हाथ बना तो छोटा राजन के लिए रोहित वर्मा। बैंकाक में छोटा राजन पर हमला हुआ तो वह बच निकला लेकिन रोहित वर्मा मारा गया। रोहित के बाद उत्तर प्रदेश के बहुत से शूटरों का इस्तेमाल छोटा राजन करता रहा और आज भी उसका उन लोगों से जुड़ाव बना हुआ है। अबू सलेम अब दाऊद के खिलाफ है।
दाऊद के बहनोई की हत्या के बाद दखल बढ़ी
अरुण गवली गिरोह द्वारा 26 जुलाई 1992 को नागपाड़ा में हुई बहनोई इब्राहिम पारकर की हत्या से दाऊद बौखला गया। वह इब्राहिम को मारने वाले शैलेश हलदड़कर, राजू बटाला, विपिन और संतोष पाटिल को ठिकाने लगाना चाहता था लेकिन उसकी टीम कामयाब नहीं हो पा रही थी। फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में इन दिनों बंद वाराणसी के सुभाष ठाकुर ने दाऊद की सुपारी कुबूल की। 12 सितंबर 1992 को सुभाष की टीम ने मुंबई के जेजे हास्पीटल में जाकर दो पुलिसकर्मियों समेत शैलेश हलदड़कर की हत्या की।
हाजी मस्तान ने जोड़ा सिलसिला
अंडरवर्ल्ड में हाजी मस्तान ने उत्तर प्रदेश का सिलसिला शुरू किया। करीब 35 वर्ष पहले हाजी मस्तान ने बेटी की शादी आजमगढ़ के बिसहम गांव के हाजी इल्तफाक के बेटे शमीम से की। यह शादी बहुत दिनों तक चली नहीं और शमीम से उनकी बेटी का तलाक हो गया। एक और शादी टूटने के बाद आजमगढ़ के छांऊ गांव के शारजाह के कारोबारी तौकीर से उनकी बेटी की शादी हुई। बाद में दाऊद ने हाजी इल्तफाक की बेटी सीमा से छोटे भाई मुस्तकीम की शादी की। दुबई में हुई इस शादी ने अंडरवर्ल्ड से उत्तर प्रदेश का रिश्ता और मजबूत कर दिया।
पुलिस ने खड़ी की मजहबी दीवार
अंडरवर्ल्ड में दाऊद के लिए हिंदू शूटर और छोटा राजन के लिए आज भी मुसलमान शूटर काम करते हैं लेकिन पुलिस असली अपराधियों तक पहुंचने में कामयाब न होने पर इनके बीच मजहबी दीवार खड़ी कर दी। इसका असर यह हुआ कि दाऊद के नाम पर उत्तर प्रदेश के बहुत से युवाओं ने इंडियन मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तोएबा के लिए काम शुरू कर दिया तो छोटा राजन ने भी धार्मिक उन्माद का लाभ खूब उठाया।