UP उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के चुनाव को लेकर लखनऊ में व्यापारियों का पहुंचना शुरू, 13 को नामांकन-14 को चुनाव
Uttar Pradesh Industry Trade Delegation Election 2021 चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी 13 मार्च की सुबह नौ बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 1200 व्यापारी इस चुनावी प्रक्रिया में भाग लेंगे। 14 मार्च को है चुनाव।
लखनऊ, जेएनएन। Uttar Pradesh Industry Trade Delegation Election 2021: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के होने जा रहे चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। चुनाव 14 मार्च को है। विभिन्न जिलों से व्यापारियों का राजधानी पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार यानी 13 मार्च की सुबह नौ बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मुख्य चुनाव अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता शाहजहांपुर, सहारनपुर से सहायक चुनाव अधिकारी जसवंत बत्रा एवं शहर के भारतभूषण गुप्ता ने चुनावी तैयारियों को देखा। मोतीनगर स्थित महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज में होने वाले इस चुनाव में प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 1200 व्यापारी इस चुनावी प्रक्रिया में भाग लेंगे।
लगभग 102 पदों का चुनाव होना है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने दी।
नामांकन तीन, नाम वापसी की डेटलाइन शाम छह बजे: प्रांतीय अध्यक्ष ने बताया कि दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र भरा जाएगा। शाम छह बजे तक नाम वापसी होगी।
इतिहास: व्यापार मंडल के गठन को बीत गए 47 बरस- संगठन के मौजूदा मुखिया कंछल व्यापार मंडल के संघर्षपूर्ण इतिहास बताते हैं। उप्र. उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की स्थापना 23, दिसंबर 1973 को काशी में हुई थी। पहले अध्यक्ष के रूप में गणेशगंज के लाला विशंभर दयाल अग्रवाल, महामंत्री वाराणसी के जगदीश अरोड़ा और वाराणसी के ही नरेंद्र अग्रवाल ने बतौर कोषाध्यक्ष संगठन में काम शुरू किया। हर तीन साल बाद चुनाव होते रहे। सन 1984 में श्याम बिहारी मिश्र ने बतौर अध्यक्ष और महामंत्री के रूप में मुझे जिम्मेदारी मिली। कोषाध्यक्ष का जिम्मा लक्ष्मी नारायण अग्रवाल के हाथ रहा। अब तक 19 चुनाव संगठन देख चुका है। यह बीसवां चुनाव है।
इस बार 25 से 30 फीसद होंगे नए युवा चेहरे: 102 पदों के चुनाव में इस बार करीब 25 से 30 प्रतिशत सीटों में नए चेहरे आने की संभावना है। कई पदों में बदलाव होगा। इनमें प्रमुख रूप से सोनभद्र के जिलाध्यक्ष, कानपुर के दो पदों में बदलाव, झांसी समेत कई जिलों में बदलाव होने की प्रबल संभावना है। जालौन में नया जिलाध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके अलावा अलीगढ़, गौतम बुद्धनगर और वाराणसी में बदलाव के कयास लगाए जा रहे हैं।