यूपी में बदले भूखंड आवंटन के नियम, हरदोई-चित्रकूट और मीरजापुर की औद्योगिक जमीन को लेकर सरकार ने लिया बड़ा फैसला
राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने नए उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध कराने और औद्योगिक पार्कों के विकास को तेज करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
हरदोई, चित्रकूट, मीरजापुर में औद्योगिक जमीन खरीदने को मंजूरी।
ललितपुर में निजी भागीदारी से फार्मा पार्क विकसित होगा।
बड़े भूखंडों के आवंटन के न्यूनतम अंक घटाए गए।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। नए उद्योगों के लिए जमीन उपलब्ध कराने और औद्योगिक पार्कों का विकास तेज करने के लिए राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने कई फैसले किए हैं। प्राधिकरण की 52वीं बोर्ड बैठक में हरदोई, चित्रकूट और मीरजापुर में औद्योगिक जमीन खरीदने, ललितपुर में फार्मा पार्क विकसित करने और भूमि आवंटन के नियमों में बदलाव सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार की अध्यक्षता में हरदोई, चित्रकूट और मीरजापुर में उद्योगों के लिए जमीन खरीदने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। ललितपुर में निजी क्षेत्र की भागीदारी से फार्मा पार्क विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली।
कन्नौज के परफ्यूम पार्क का नक्शा मंजूर
इसके लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत विकास की योजना बनाई गई है। कानपुर नगर में भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के एलपीजी बाटलिंग प्लांट और गैस की थोक आपूर्ति से जुड़े टर्मिनल के लिए जमीन जुटाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। कन्नौज के परफ्यूम पार्क का नक्शा मंजूर कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- 164.28 टन का वॉयलर लादकर सिद्धार्थनगर पहुंचा 250 पहियों वाला महाट्रक, बेल्जियम से लेकर आया 41 मीटर लंबा संयंत्र
यहां आवंटित भूखंडों पर औद्योगिक इकाइयां जल्द स्थापित कर उनका संचालन शुरू करने के निर्देश दिए गए। उन्नाव की ट्रांस गंगा सिटी के संशोधित नक्शे को भी मंजूरी मिली है। बैठक में औद्योगिक विकास प्राधिकरणों के लिए भवन निर्माण से जुड़े नए नियमों को मंजूरी दी गई।
साथ ही, 500 वर्ग मीटर से बड़े भूखंडों के आवंटन के लिए न्यूनतम मूल्यांकन अंक 60 से घटाकर 50 कर दिए गए। अभियंत्रण संवर्ग के रिक्त पदों को प्रतिनियुक्ति के जरिए भरने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
