विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में अभेद्य सुरक्षा के बीच होगी होमगार्ड लिखित परीक्षा, एग्जाम सेंटर पर भूलकर भी ये चीजें न ले जाएं अभ्यर्थी

Published: Sat, 25 Apr 2026 02:00 AM (IST)

पुलिस ने 25, 26 और 27 अप्रैल को होने वाली 41,424 होमगार्ड स्वयंसेवकों की लिखित परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। पुलिस ने होमगार्ड स्वयं सेवकों के 41,424 पदों पर भर्ती के लिए 25, 26 व 27 अप्रैल को होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए पहली बार कोषागार में डबल लॉक व्यवस्था की गई है।

प्रश्न पत्रों को जिस स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा उसकी चाबियां अलग-अलग अधिकारियों के पास रहेंगी। साथ ही स्ट्रांग रूम में 24 घंटे बिजली, इंटरनेट, सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए रूट मैप बनाकर सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) किया गया है।

श्रावस्ती को छोड़कर सभी 74 जिलों में बनाए गए 1053 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होने वाली परीक्षा में 25 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर ने बताया कि हर 240 अभ्यर्थियों पर एक निरीक्षक व उप निरीक्षक की तैनाती की गई है।

अभ्यर्थियों को केवल काला या नीला रंग का पेन लाना होगा। घड़ी, मोबाइल, ब्लूटूथ समेत हर प्रकार के इलेक्ट्रानिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक जिले में अपर पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस उपायुक्त स्तर के नोडल अफसर बनाए गए हैं। प्रवेश द्वार पर हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से सभी अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी।

रेलवे स्टेशन से परीक्षा केंद्र तक सुरक्षा, यूपी-112 और एम्बुलेंस तैनात

परीक्षा के दौरान रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस की तैनाती की गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास यूपी-112 की गाड़ियां और एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। इंटरनेट मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी, जिससे अफवाहों पर रोक लगाई जा सके।

अभ्यर्थियों को आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया से गुजरना होगा

भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया से गुजरना होगा। साथ ही अभ्यर्थियों के बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए परीक्षा केंद्रों पर आइरिस बायोमेट्रिक डेस्क स्थापित की गई हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी की 12 हजार से अधिक वक्फ संपत्तियों को लेकर बड़ा अपडेट, 300 एकड़ के कब्रिस्तान और मस्जिदें पोर्टल में कैंसिल