विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में हाईवे-एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा को लेकर योगी सरकार सख्त, अनफिट वाहनों पर कार्रवाई, अधिकारियों को भी हिदायत

Published: Sat, 17 Oct 2026 08:41 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने शीतलहर और घने कोहरे में सड़क हादसों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सड़क हादसों पर अंकुश लगाने को सरकार की तैयारी तेज।

  2. पेट्रोलिंग वाहन, एंबुलेंस, बचाव वाहन तैनात करने के निर्देश।

  3. अनफिट वाहनों पर कार्रवाई, चालकों को जागरूक किया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। शीतलहर और घने कोहरे के दौरान सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना संभावित स्थलों के आसपास पेट्रोलिंग वाहन, एंबुलेंस और बचाव वाहन तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। राहत आयुक्त डाॅ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को सड़क सुरक्षा के सभी इंतजाम समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने को कहा है।

राहत आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि कोहरे के दौरान कम दृश्यता से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़कों पर लगे परावर्तक संकेतकों, दिशासूचक बोर्ड और कैट्स आई की नियमित जांच की जाए। सड़क की किनारों और बीच में बनी सफेद पट्टियों के मिटने, उखड़ने या धूल से ढकने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि वाहन चालकों को सड़क की दिशा और सीमा स्पष्ट दिखाई दे।

प्रमुख चौराहों, तिराहों, मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर यातायात संकेतक, ठहराव रेखा और पैदल पारपथ की स्थिति भी ठीक रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक और गति सीमा संबंधी बोर्ड लगाए जाएंगे।

अनफिट वाहनों पर होगी कार्रवाई

सड़क हादसों की रोकथाम के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले अनफिट वाहनों और जुगाड़ से तैयार असुरक्षित वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाई जाएगी। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस समन्वय से जांच और कार्रवाई करेंगे।

इसके साथ ही वाहन चालकों को फाग लाइट और परावर्तक टेप के इस्तेमाल, नियंत्रित गति से वाहन चलाने तथा आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाएगा।

राहत आयुक्त ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि घने कोहरे में विशेष सावधानी बरतें, दृश्यता के अनुरूप गति रखें और यातायात नियमों का पालन करें।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी आदित्यनाथ का सपा सरकार पर बड़ा हमला, बोले-नौकरी में सेंध लगाता था सैफई का सिंडिकेट

यह भी पढ़ें- योगी सरकार में परिवार की बंदिशें टूटीं, लखनऊ की कई बेटियों ने हासिल किया मुकाम